पंजाब खाद्यान्न घोटाला: वरिष्ठ नौकरशाहों और निजी कंपनियों के गठजोड़ पर ईडी की छापेमारी
पंजाब के बहुचर्चित खाद्यान्न घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने 25 और 26 नवंबर को पंजाब में कई जगहों पर छापेमारी की, जिसमें वरिष्ठ नौकरशाहों, निजी ठेकेदारों और रियल…
पंजाब के बहुचर्चित खाद्यान्न घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने 25 और 26 नवंबर को पंजाब में कई जगहों पर छापेमारी की, जिसमें वरिष्ठ नौकरशाहों, निजी ठेकेदारों और रियल एस्टेट डेवलपर्स के बीच कथित गठजोड़ की जांच की जा रही है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत की गई।
ईडी की यह जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज एक FIR पर आधारित है। शुरुआती आरोपों में कहा गया है कि निजी कंपनियों को अवैध रिश्वत लेकर गलत तरीके से फायदा पहुँचाया गया, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
जांच के दायरे में कौन?
छापेमारी का मुख्य केंद्र तीन कंपनियाँ रहीं— मेसर्स ओरिगो कमोडिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स ग्रेमार्बल इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड (GMI), और मेसर्स शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स लिमिटेड। ईडी इन कंपनियों से जुड़े लोगों के रिहायशी और व्यावसायिक ठिकानों पर तलाशी ले रही है।
एजेंसी की जाँच इस बात पर केंद्रित है कि वरिष्ठ नौकरशाहों ने कथित तौर पर रिश्वत के बदले 2019-20 में PUNJAB (पंजाब स्टेट ग्रेन्स प्रोक्योरमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड) द्वारा दिए गए ठेकों में ओरिगो कमोडिटीज को अनुचित लाभ पहुंचाया।
भ्रष्टाचार के पैसों का निवेश!
ईडी को शक है कि इस घोटाले से कमाए गए अवैध धन को संपत्तियों में निवेश किया गया। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि एक वरिष्ठ नौकरशाह के करीबी रिश्तेदार के नाम पर ग्रेमार्बल इन्फ्रा (GMI) के साथ मिलकर जमीन खरीदी गई, जिसमें भ्रष्टाचार का पैसा लगा हो सकता है। यह भी पाया गया कि रिश्तेदार के नाम पर खरीदी गई एक एकड़ जमीन का भुगतान बाज़ार से काफी कम दरों पर दिखाया गया। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह लेन-देन असली कीमत छिपाने और अपराध की कमाई को अचल संपत्ति में बदलने की कोशिश हो सकती है।
इसके अलावा, एक और कंपनी मेसर्स शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स लिमिटेड भी ईडी की जांच के दायरे में है। उक्त नौकरशाह के इस कंपनी से जुड़े लोगों से लगातार संपर्क में रहने और परिवार के सदस्यों के माध्यम से इसमें वित्तीय हित रखने के आरोप हैं। यह कंपनी नौकरशाह के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी PUNJAB से लो-डेंसिटी पॉलीइथाइलीन (LDPE) कवर सप्लाई करने के टेंडर हासिल करती रही। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



