महाराष्ट्र की सियासत में हलचल: शिवसेना विधायक का दावा- 'टाइगर ऑपरेशन 4' भी जल्द दिखेगा
महाराष्ट्र की राजनीति में एकनाथ शिंदे गुट के आक्रामक तेवर बरकरार हैं। शिवसेना विधायक मुर्जी पटेल ने दावा किया है कि उद्धव ठाकरे गुट को अभी और झटके लगने वाले हैं। उनका कहना है कि 'टाइगर ऑपरेशन' की यह श
महाराष्ट्र की राजनीति में एकनाथ शिंदे गुट के आक्रामक तेवर बरकरार हैं। शिवसेना विधायक मुर्जी पटेल ने दावा किया है कि उद्धव ठाकरे गुट को अभी और झटके लगने वाले हैं। उनका कहना है कि 'टाइगर ऑपरेशन' की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी और जल्द ही 'टाइगर ऑपरेशन 4' भी देखने को मिलेगा। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में पटेल ने यह भी कहा कि ठाकरे गुट के 13 से 14 विधायक उनके संपर्क में हैं।
पटेल ने सचिन अहीर के शिंदे गुट में शामिल होने को सिर्फ एक 'छोटा झटका' बताया। उनके मुताबिक, असली तस्वीर अभी बाकी है, जिसमें कई विधायक और कॉर्पोरेटर पाला बदलेंगे। उन्होंने कहा, "जिस दिन एकनाथ शिंदे तारीख तय करेंगे, वे हमारे साथ आ जाएंगे।" विधायक का मानना है कि लोग एकनाथ शिंदे को उम्मीद की नजर से देखते हैं और पूरे राज्य में उनके नेतृत्व को स्वीकार कर रहे हैं।
भाजपा ने भी साधा निशाना
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के विधायक राम कदम ने भी सचिन अहीर के जाने पर उद्धव ठाकरे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे सभी नेता यूबीटी (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट का साथ छोड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी आत्मचिंतन करने के बजाय कह रही है कि उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। कदम ने कहा, "यह बयान दिखाता है कि धीरे-धीरे यूबीटी की डूबती नाव से सभी उतर जाएंगे।" उन्होंने यहां तक कह दिया कि उद्धव ठाकरे को अब 'हम दो, हमारे दो' का बोर्ड लगाना होगा।
LPG कीमतों पर विपक्ष को घेरा
राम कदम ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई कटौती को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने इसका श्रेय पीएम मोदी की दूरदर्शिता, मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों और केंद्र सरकार की नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि जब दुनिया के कई देश ईंधन की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं, तब भारत में दाम कम हुए हैं, जिसका सीधा फायदा आम लोगों को मिल रहा है।
इसी मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "दाम बढ़ते हैं तो सड़कों पर विरोध करने पहुंच जाते हैं, लेकिन दाम कम होने पर चुप रह जाते हैं। विपक्ष को अब सड़कों पर खड़े होकर मिठाई बांटनी चाहिए।"
इनपुट: IANS



