शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी का व्हाट्सऐप हैक, परिचितों को भेजे गए मदद के फर्जी संदेश, ठगों ने ऐंठे लाखों रुपये
महाराष्ट्र की प्रमुख राजनीतिक हस्तियों में शामिल शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गई हैं। जालसाजों ने उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर लिया और उनके परिचितों को आर्थिक…
महाराष्ट्र की प्रमुख राजनीतिक हस्तियों में शामिल शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गई हैं। जालसाजों ने उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर लिया और उनके परिचितों को आर्थिक मदद के नाम पर संदेश भेजकर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में कम से कम आठ लोगों से कुल 3.92 लाख रुपये ठगे जा चुके हैं।
साइबर ठगों ने शाइना एनसी के हैक किए गए व्हाट्सऐप अकाउंट से उनके कॉन्टैक्ट्स को 'कुछ मदद चाहिए' जैसा संदेश भेजा। इसके बाद उन्होंने तत्काल 49,000 रुपये ट्रांसफर करने की मांग की और यह भरोसा दिलाया कि रकम दो घंटे के भीतर वापस कर दी जाएगी। शाइना के परिचितों ने इस संदेश को सही मानकर पैसे भेज दिए।
पुलिस को सूचना के बाद भी जारी रही ठगी
शाइना एनसी ने बताया कि जैसे ही उन्हें अपना अकाउंट हैक होने का पता चला, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया और हैकर के जीपे अकाउंट को ब्लॉक करने का अनुरोध किया। उन्होंने दोपहर 1:58 बजे पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी थी। इसके बावजूद, ठग शाम करीब छह बजे तक लोगों से बातचीत करते रहे और पैसे ट्रांसफर करवाते रहे, जिससे कई घंटों तक यह धोखाधड़ी चलती रही।
इस घटना के बाद, शाइना एनसी ने 16 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक सार्वजनिक चेतावनी जारी की थी। उन्होंने लिखा, "मेरा व्हाट्सऐप हैक हो गया है। अगर आपको मेरे नंबर से पैसे की मदद या पैसे ट्रांसफर करने के लिए कोई मैसेज मिलता है, तो कृपया उसे पूरी तरह नजरअंदाज करें, वह मैं नहीं हूं। अभी मेरे नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज का जवाब न दें, किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई पैसे ट्रांसफर करें।"
बता दें कि शाइना एनसी शिवसेना की एक मुखर प्रवक्ता हैं और अक्सर केंद्र सरकार के पक्ष में अपनी बात रखती हैं। हाल ही में वह महाराष्ट्र सरकार द्वारा किसानों के 48,000 करोड़ के बिजली बिल माफ करने के फैसले पर टिप्पणी को लेकर चर्चा में थीं।
इनपुट: IANS



