ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के इशारे पर ट्रंप की हत्या की साज़िश, पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल की सज़ा
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साज़िश रचने के एक सनसनीखेज मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सज़ा सुनाई गई है। अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, यह…
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साज़िश रचने के एक सनसनीखेज मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सज़ा सुनाई गई है। अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, यह साज़िश ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के निर्देश पर रची गई थी, जिसे अमेरिकी जांच एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत ने मर्चेंट को यह सज़ा सुनाई।
48 वर्षीय मर्चेंट को इसी साल 6 मार्च को एक जूरी ने हत्या के लिए सुपारी देने और अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश का दोषी ठहराया था। अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि ब्रुकलिन स्थित अदालत के जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने मर्चेंट को कुल 330 महीने की सज़ा सुनाई।
साज़िश का निशाना और मकसद
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मर्चेंट ने एक अमेरिकी राजनीतिक नेता की हत्या के लिए पेशेवर हत्यारों को काम पर रखने की कोशिश की थी। हालांकि, जिन लोगों से उसने संपर्क किया और पैसे दिए, वे असल में एफबीआई के अंडरकवर एजेंट निकले, जिससे हमले से पहले ही पूरी योजना का पर्दाफाश हो गया। मर्चेंट ने अदालत में गवाही देते हुए माना कि उसे लगता था कि इस साज़िश का मुख्य निशाना डोनाल्ड ट्रंप थे। अभियोजकों ने यह भी बताया कि तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली भी संभावित निशाने पर थे। इस साज़िश का मकसद जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना था। सुलेमानी की मौत ट्रंप के कार्यकाल के दौरान इराक में हुई थी।
कैसे रची गई साज़िश और कैसे हुई गिरफ्तारी?
न्याय विभाग के मुताबिक, मर्चेंट स्वेच्छा से रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया अभियान में शामिल हुआ था। अमेरिका आने से पहले उसे तेहरान में प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें काउंटर इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग शामिल थी। उसे निर्देश दिए गए थे कि वह किसी राजनीतिक रैली के दौरान हत्या को अंजाम देने के लिए अपराधियों की भर्ती करे।
अप्रैल 2024 में ईरान से अमेरिका पहुंचने के बाद मर्चेंट ने इस योजना के लिए एक परिचित से संपर्क किया, लेकिन उस व्यक्ति ने एफबीआई को इसकी जानकारी दे दी और वह जांच एजेंसी का मुखबिर बन गया। बाद में मर्चेंट ने उन लोगों से मुलाकात की जिन्हें वह सुपारी किलर समझ रहा था। 21 जून 2024 को न्यूयॉर्क में उसने अंडरकवर एजेंटों को 5,000 डॉलर का अग्रिम भुगतान भी किया। इसके बाद, जब वह देश छोड़ने की तैयारी में था, उसे 12 जुलाई 2024 को टेक्सास से गिरफ्तार कर लिया गया।
बचाव पक्ष की दलील
हालांकि, मर्चेंट ने अदालत में अभियोजन पक्ष के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसका इरादा कभी भी हत्या करवाने का नहीं था। उसने दलील दी कि उसे ईरान में अपने परिवार की सुरक्षा का डर था, जिसके चलते वह इस साज़िश में शामिल हुआ। वहीं, अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने सज़ा की घोषणा करते हुए कहा, "न्याय विभाग हमारे नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकवादी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा।"
इनपुट: IANS



