सरायकेला: कूरियर बॉय ने की थी कारोबारी के घर की रेकी, 24 लाख के जेवर बरामद, दो गिरफ्तार
झारखंड के सरायकेला-खरसावां में एक आभूषण कारोबारी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये…
झारखंड के सरायकेला-खरसावां में एक आभूषण कारोबारी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार लोगों में से एक पर डकैती के लिए घर की रेकी करने और दूसरा लूटे हुए गहने खरीदने का आरोप है।
यह घटना चांडिल थाना क्षेत्र में 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात को हुई थी। अपराधियों ने बस स्टैंड के पास रहने वाले कारोबारी उमंग चौधरी के घर में घुसकर पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद वे नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था।
कुरियर बॉय ने रची थी साजिश
जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार महतो एक कूरियर कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। पुलिस का आरोप है कि सामान पहुंचाने के दौरान ही उसने उमंग चौधरी के घर की रेकी की और डकैती की योजना में शामिल अपने साथियों को जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, राहुल की मुलाकात इस कांड से जुड़े अन्य संदिग्धों, मोहिउद्दीन अंसारी और सुबराती अंसारी से जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में हुई थी, जहां वह 2022-23 में बंद था।
गला हुआ सोना-चांदी बरामद
पुलिस ने दूसरे गिरफ्तार आरोपी, त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार की निशानदेही पर धनबाद जिले के बरोरा से लूटा हुआ माल बरामद किया है। बरामद सामान में 5.142 किलोग्राम पिघली हुई चांदी, 80 ग्राम पिघला हुआ सोना, ब्रिटिश काल के 32 चांदी के सिक्के, चांदी के दो स्वास्तिक और ब्रेसलेट से निकाले गए 11 छोटे हीरे जैसे पत्थर शामिल हैं। इनके अलावा दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, इस डकैती से जुड़े पांच अन्य संदिग्ध पहले ही एक दूसरे मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस अब बाकी आरोपियों और लूटे गए सामान की तलाश कर रही है।
इनपुट: IANS



