यूक्रेन: रूसी हमले में WHO का दवा गोदाम तबाह, स्वास्थ्य संगठन प्रमुख ने की निंदा
यूक्रेन के नीप्रो शहर में एक रूसी हमले ने देश के सबसे बड़े दवा गोदामों में से एक को नष्ट कर दिया है, जिससे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) समेत कई मानवीय संगठनों की मेडिकल सप्लाई चेन खतरे में पड़ गई है…
यूक्रेन के नीप्रो शहर में एक रूसी हमले ने देश के सबसे बड़े दवा गोदामों में से एक को नष्ट कर दिया है, जिससे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) समेत कई मानवीय संगठनों की मेडिकल सप्लाई चेन खतरे में पड़ गई है। इस घटना की पुष्टि करते हुए, WHO के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, घेब्रेयेसस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि यह हमला बीते शुक्रवार को हुआ। उन्होंने बताया, "अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।" हमले से कुछ घंटे पहले ही WHO का एक कर्मचारी और ड्राइवर 300 पैलेट में से 130 पैलेट सप्लाई निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने में कामयाब रहे थे।
युद्ध के भी नियम होते हैं: WHO प्रमुख
इस गोदाम में अग्रिम मोर्चों पर मौजूद स्वास्थ्य केंद्रों के लिए जरूरी मेडिकल सप्लाई रखी गई थी। अपने बयान में WHO प्रमुख ने जोर देकर कहा, "स्वास्थ्य सुविधाओं पर हमले बंद होने चाहिए। नहीं तो, लोग जान बचाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं से दूर हो जाएंगे। युद्धों के भी नियम होते हैं। उनमें से एक यह है कि स्वास्थ्य की सुरक्षा होनी चाहिए!" इस गोदाम का इस्तेमाल इंटरनेशनल रेस्क्यू कमेटी (IRC) जैसे अन्य मानवीय संगठन भी करते थे।
एयर डिफेंस पर ज़ेलेंस्की की चिंता
इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने देश की हवाई सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। अमेरिका के साथ पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए हर महीने इंटरसेप्टर मिसाइलों की सप्लाई का समझौता तो हुआ है, लेकिन ज़ेलेंस्की के मुताबिक यह मात्रा अपर्याप्त है। उक्रिनफॉर्म न्यूज एजेंसी ने बेलग्रेड में पत्रकारों से उनकी बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि वाशिंगटन से हर महीने मिसाइलें मिलेंगी, पर यह देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी नहीं हैं। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, ज़ेलेंस्की ने यह भी कहा कि 2026 में मिलने वाली मिसाइलों की संख्या 2025 की तुलना में कम होगी, हालांकि उन्होंने कोई सटीक आंकड़ा नहीं दिया।
इनपुट: IANS



