नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस (Republic Day 2021) के दिन किसानों की ट्रैक्टर रैली (Tractor Rally) के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर हुई हिंसा के मामले में 44 किसान नेताओं के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है. दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के डीसीपी जॉय टिर्की ने FRRO को LOC जारी करने का पत्र लिखा है. पत्र में डीसीपी ने 26 जनवरी को हुई हिंसा की समयपुर बादली में दर्ज हुई एफआईआर का जिक्र किया है.
देश से भाग सकते हैं ये नेता
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच (Delhi Police Crime Branch) द्वारा भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि ये सभी नेता जांच के दौरान देश से भागने की कोशिश कर सकते हैं. यदि ये ऐसा करें तो इन्हें तो तुरंत हिरासत में ले लिया जाए. इनमें नेताओं में राकेश टिकैत (Rakesh Tikait), मेधा पाटेकर और योगेंद्र यादव शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में लाल किले पर ध्वज चढ़ाने वाले युवक का नाम क्या है और क्यों किया उसने ऐसा?
इसके अलावा दोआबा किसान समिति के जगबीर सिंह टाडा, दोआबा किसान संघर्ष समिति के मुकेश चंद्र, गन्ना संघर्ष समिति के सुखपाल सिंह दफर, किसान समिति दोआब के हरपाल संघा आजाद, किसान बचाओ मोर्चा के कृपाल सिंह नाथुवाला,
भारतीय किसान यूनियन लाखोवाल के हरिंदर सिंह लखोवाल, कुलहिंद किसान महासंघ के प्रेम सिंह भंगू, भारतीय किसान यूनियन (चंदूनी) के गुरनाम सिंह चंदूनी, भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत, महिला किसान मंच की कविता कुर्गगति,
भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के ऋषिपाल अम्बावता, अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के वी.एम.सिंह, नर्मदा बचाओ आंदोलन की कार्यकर्ता मेधा पाटेकर, स्वराज इंडिया के योगेंद्र यादव, जय किसान आन्दोलन (स्वराज इंडिया) के अविक साहा, अखिल भारतीय किसान सभा के प्रेम सिंह गहलोत, जुगराज सिंह, लखवीर सिंह शरण, संदीप सिंह सिद्धू, दीप सिद्धू, बलदेव सिंह, प्रीत ग्रोवर और जरनैल सिंह काली हैं.

