आंध्र प्रदेश: रिन्यू पावर ने दो और बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए किया करार, 29,500 करोड़ रुपये का कुल निवेश
आंध्र प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) के क्षेत्र में एक बड़े निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में, रिन्यू पावर ने राज्य में दो और बड़ी परियोजनाओं के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए…
आंध्र प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy) के क्षेत्र में एक बड़े निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में, रिन्यू पावर ने राज्य में दो और बड़ी परियोजनाओं के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन नए प्रोजेक्ट्स में कुल 29,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
यह निर्णय विशाखापत्तनम में कंपनी के चेयरमैन और सीईओ सुमंत सिन्हा तथा आंध्र प्रदेश के आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश के बीच हुई एक बैठक के बाद लिया गया। बैठक के दौरान ही रिन्यू पावर के प्रतिनिधियों और राज्य सरकार के अधिकारियों ने समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
नए निवेश और परियोजनाएं
रिन्यू पावर ने एक नए 2 गीगावॉट पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट के लिए 12,500 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, एक अन्य प्रोजेक्ट में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे पहले राज्य में 17,000 करोड़ रुपये के एक ग्रीन अमोनिया/ई-फ्यूल प्रोजेक्ट को भी मंजूरी मिल चुकी थी, जिससे अब कुल प्रस्तावित निवेश 29,500 करोड़ रुपये हो गया है।
मंत्री नारा लोकेश ने रिन्यू पावर द्वारा राज्य में 11,000 करोड़ रुपये के एक और पॉलीसिलिकॉन और मेटलर्जिकल-ग्रेड सिलिकॉन प्रोजेक्ट लगाने की सैद्धांतिक सहमति का भी स्वागत किया। उन्होंने कंपनी से इन परियोजनाओं में तेजी लाने का आग्रह करते हुए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
राज्य में कंपनी की मौजूदगी
रिन्यू पावर के चेयरमैन सुमंत सिन्हा ने बताया कि उनकी कंपनी 2015 से आंध्र प्रदेश में सक्रिय है। कंपनी ने अपना पहला 24 मेगावाट का पवन ऊर्जा प्रोजेक्ट कल्याणदुर्ग में स्थापित किया था। वर्तमान में, कंपनी राज्य में 10 अलग-अलग स्थानों पर 717 मेगावाट पवन ऊर्जा और 60 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजनाओं का संचालन कर रही है।
सुमंत सिन्हा ने यह भी बताया, "हम गुंटकल में 22,000 करोड़ रुपये के निवेश से भारत का सबसे बड़ा हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट बना रहे हैं।" इस परियोजना में 1.8 गीगावॉट सौर ऊर्जा, 1 गीगावॉट पवन ऊर्जा और 2 गीगावॉट-घंटे की बैटरी स्टोरेज क्षमता शामिल है।
अगस्त में, राज्य निवेश संवर्धन बोर्ड (SIPB) ने कंपनी के 85,200 करोड़ रुपये के निवेश वाले 1,000 मेगावाट के ग्रीन डेटा सेंटर प्रस्ताव को भी मंजूरी दी थी। इसके अलावा रामबिल्ली में 4,200 करोड़ रुपये के 6.5 गीगावॉट इंगोट-वेफर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की नींव भी रखी जा चुकी है।
इनपुट: IANS



