पश्चिम बंगाल: रेजीनगर उपचुनाव में धांधली के गंभीर आरोप, कांग्रेस उम्मीदवार ने की दोबारा चुनाव की मांग
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्लाहिल काफी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS की…
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्लाहिल काफी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मतदान में धांधली, ईवीएम से छेड़छाड़ और वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाते हुए पूरी चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की है।
काफी ने दावा किया कि यह सब एक सुनियोजित तरीके से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिताने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "हमारे पास एक टेबल का रिकॉर्ड आया है, जहां 750 से ज्यादा वोट पड़े हैं, जिनमें से 90 प्रतिशत वोट भाजपा को दिखाए जा रहे हैं। यह कैसे संभव है? 43 वोट ही दूसरी पार्टियों को मिले हैं। यह साफ तौर पर धांधली है।"
चुनाव रद्द कर दोबारा मतदान की मांग
मतगणना के शुरुआती रुझानों में खुद को दूसरे स्थान पर बताते हुए कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा कि उनकी और पहले स्थान के प्रत्याशी के बीच वोटों का अंतर काफी ज्यादा है। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि यह पूरा चुनाव रद्द किया जाए। आखिर यह कैसा मतदान है, जहां सब कुछ पहले से तय लगता है?" उन्होंने सागरदिघी इलाके में मतदान के दौरान धांधली होने, कई जगहों पर ईवीएम लूटने और सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ किए जाने के भी आरोप लगाए।
मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
अब्दुल्लाहिल काफी ने राज्य के मुख्यमंत्री पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "जो मुख्यमंत्री के साथ मिले-जुले लोग हैं, उनके साथ मिलकर फिर से यहां वोट चोरी हुई है।" काफी ने राहुल गांधी के बयानों का हवाला देते हुए कहा, "राहुल गांधी हर बार कहते हैं कि वोट चोरी हो रही है और यहां यह बात साबित हो गई है।" उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पहले ही भाजपा की बड़ी जीत की भविष्यवाणी कर दी थी, जो अब सच होती दिख रही है।
इनपुट: IANS



