अमेरिकी सांसद रो खन्ना की मांग: ईरान युद्ध के आर्थिक बोझ की भरपाई के लिए हर परिवार को मिले $1,700 का रिफंड
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने ईरान युद्ध के कारण आम अमेरिकी परिवारों पर पड़े आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाते हुए हर परिवार को 1,700 डॉलर का रिफंड चेक देने की मांग की है। कैलिफोर्निया से…
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने ईरान युद्ध के कारण आम अमेरिकी परिवारों पर पड़े आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाते हुए हर परिवार को 1,700 डॉलर का रिफंड चेक देने की मांग की है। कैलिफोर्निया से डेमोक्रेटिक सांसद ने अपनी ही पार्टी के नेतृत्व से आग्रह किया है कि जनवरी में कांग्रेस का नियंत्रण संभालने के पहले सप्ताह में ही इस प्रस्ताव को पारित कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास भेजा जाए।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, खन्ना ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं चाहता हूं कि ईरान में युद्ध के कारण हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए हर अमेरिकी परिवार को 1,700 डॉलर का चेक दिया जाए।" उन्होंने इसे जनता के लिए कुछ करने का एक अवसर बताते हुए कहा कि प्रतिनिधि सभा और सीनेट को मिलकर यह प्रस्ताव ट्रंप की मंजूरी के लिए भेजना चाहिए।
प्रस्ताव और विधेयक में अंतर
हालांकि, रो खन्ना की सोमवार की यह मांग उनके द्वारा सितंबर में पेश किए गए एक विधेयक से कुछ मामलों में अलग है। उनकी हालिया मांग में 1,700 डॉलर की एक निश्चित राशि और जनवरी के पहले सप्ताह की समयसीमा का जिक्र है, जबकि उनके विधेयक 'इल्लीगल वॉर रिफंड एक्ट' (H.R. 10498) में न तो कोई तय राशि बताई गई है और न ही जनवरी में भुगतान की कोई समयसीमा निर्धारित है। यह फिलहाल केवल एक प्रस्ताव है, जो किसी नागरिक को भुगतान का कानूनी अधिकार नहीं देता।
विधेयक में क्या है प्रावधान?
सितंबर में पेश किए गए इस विधेयक में प्रस्ताव है कि प्रबंधन एवं बजट कार्यालय (OMB) ईरान युद्ध से अमेरिकी करदाताओं पर पड़े आर्थिक असर का आकलन करेगा। इसमें ब्याज दर, ईंधन, खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि और महंगाई जैसे कारक शामिल होंगे। इस आकलन के बराबर की राशि रक्षा विभाग के अप्रयुक्त फंड से निकाली जाएगी, लेकिन इसमें सैन्य कर्मियों, निर्माण और रक्षा स्वास्थ्य से जुड़े बजट को शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद अमेरिकी वित्त मंत्रालय पात्र करदाताओं और उनके आश्रितों को बराबर राशि का भुगतान करेगा।
पार्टी नेतृत्व पर भी साधा निशाना
ईरान युद्ध की लागत की भरपाई की मांग के साथ-साथ रो खन्ना ने अपनी पार्टी के नेतृत्व पर भी निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को अपने निजी एक्स अकाउंट पर लिखा, "हमें न्यू डील डेमोक्रेट्स चाहिए, चक शूमर के डेमोक्रेट्स नहीं। अब डेमोक्रेटिक पार्टी को नैतिक उद्देश्य के साथ फिर से खड़ा करने का समय है।" इससे पहले शनिवार को उन्होंने सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर को चुनौती दे रहे मैरीलैंड के सीनेटर क्रिस वैन हॉलेन का समर्थन किया था। खन्ना कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसमें सिलिकॉन वैली का एक हिस्सा भी आता है।
इनपुट: IANS



