RCA में जल्द होगा सिलेक्शन कमेटी का गठन: कन्वीनर मोहित यादव बोले- इस बार नहीं चलेगा भाई-भतीजावाद, नियमों के तहत होगी नियुक्ति – Jaipur News h3>
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी अब प्रदेश में क्रिकेट व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए लगातार बड़े फैसले ले रही है। चैलेंजर टूर्नामेंट खत्म होने के बाद अब RCA एडहॉक कमेटी पुरुष और महिला वर्ग के नए सिलेक्टर्स की नियुक्ति की तैयारी में जुट गई है। इसी महीने राजस्थान में सीनियर और जूनियर पुरुष वर्ग के साथ महिला वर्ग के सिलेक्टर्स की नियुक्ति किए जाने की संभावना है। इसे लेकर RCA स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव ने बताया- राजस्थान में क्रिकेट गतिविधियों को और बेहतर तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से अलग-अलग कैटेगरी के सिलेक्टर्स के लिए आवेदन मांगे गए थे। फिलहाल कमेटी सभी आवेदनों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही पुरुष सीनियर, जूनियर और महिला वर्ग के सिलेक्टर्स की नियुक्ति की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी डॉ. मोहित यादव ने साफ कहा कि इस बार चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और किसी भी तरह का भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि RCA की कोशिश है कि राजस्थान की टीमें आगामी नेशनल टूर्नामेंट्स में बेहतर प्रदर्शन करें। इसी सोच के साथ सिलेक्टर्स का चयन निष्पक्ष तरीके से किया जाएगा। लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों को लागू करने के साथ-साथ कन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट से जुड़े सभी पहलुओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो सके। पिछले सीजन में कुछ गड़बड़ियां सामने आई थीं डॉ. मोहित यादव ने कहा कि पिछले सीजन में कुछ गड़बड़ियां सामने आई थीं, जिन्हें सुधारने पर फिलहाल कमेटी फोकस कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्रिकेट गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सदस्यों के बीच गतिरोध की स्थिति जरूर रही यादव ने कहा- पिछली बार कुछ मुद्दों पर सदस्यों के बीच गतिरोध की स्थिति जरूर रही, लेकिन इसके बावजूद क्रिकेट गतिविधियों को बंद नहीं होने दिया गया। एडहॉक कमेटी का एकमात्र लक्ष्य राजस्थान के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देना और प्रदेश के क्रिकेट को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। इसी दिशा में लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। RCA द्वारा जारी नियमों के अनुसार, पुरुष सीनियर सिलेक्शन कमेटी में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का कम से कम 10 फर्स्ट क्लास मैच खेलना और रिटायरमेंट के 5 साल पूरे होना जरूरी है। वहीं जूनियर पुरुष सिलेक्शन कमेटी के लिए कम से कम 5 फर्स्ट क्लास मैच खेलने और 5 साल पहले रिटायर होना अनिवार्य रखा गया है। महिला वर्ग में सिलेक्टर बनने के लिए उम्मीदवार का राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करना और कम से कम 5 साल पहले क्रिकेट से रिटायर होना जरूरी होगा।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews