सोमवार, 17 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
देश

रांची: छात्रों के आंदोलन का 24वां दिन, सरकार के साथ चौथे दौर की वार्ता आज

झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और सरकार के बीच आज चौथे दौर की वार्ता होनी है…

रांची: छात्रों के आंदोलन का 24वां दिन, सरकार के साथ चौथे दौर की वार्ता आज
(फोटो: IANS)

झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और सरकार के बीच आज चौथे दौर की वार्ता होनी है, जिसे बेहद अहम माना जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस बातचीत के नतीजों पर ही आंदोलन की आगे की दिशा निर्भर करेगी।

विज्ञापन

इससे पहले सरकार और छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन कोई अंतिम समाधान नहीं निकल सका। आंदोलनकारी छात्रों ने अपनी मांगें न माने जाने पर 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का भी ऐलान किया है।

भूख हड़ताल पर छात्र, तबीयत बिगड़ी

आंदोलन के दौरान कई छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी हैं। छात्र नेता रवींद्र पासवान ने बताया, "हमारे अनिश्चितकालीन धरने का यह 24वां दिन है। पिछले 12-13 दिन से हमारे चार साथी भूख हड़ताल कर रहे हैं। दो साथी अस्पताल में भर्ती हैं और दो धरनास्थल पर मौजूद हैं।"

वहीं, 14 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे प्रेम नायक ने अपनी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, "मेरी तबीयत लगातार बिगड़ रही है। हम बैठ नहीं पा रहे हैं, चल नहीं पा रहे हैं और सो नहीं पा रहे हैं। लगता नहीं है कि हम ज्यादा दिन बच पाएंगे।"

'मांगें पूरी हों, वरना परिणाम भुगतना होगा'

छात्र अपनी मांगों पर अडिग हैं और किसी भी तरह के समझौते के लिए तैयार नहीं हैं। रवींद्र पासवान ने कहा, "आज की मुलाकात से उम्मीदें हैं कि हमारी सभी मांगें पूरी होनी चाहिए... हमारी मांगें तटस्थ हैं। अपनी मांगों को लेकर कोई समझौता नहीं करेंगे।"

प्रेम नायक ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मांगें जायज हैं और सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "अभी तक गांधीवादी तरीके से आंदोलन चला है। आप मांगें नहीं मानेंगे तो छात्र आने वाले समय में उग्र हो सकते हैं और उसका परिणाम सरकार को भुगतना होगा। सरकार जनता से बड़ी नहीं हो सकती है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →