रांची: डॉक्टर को 42 बार फोन कर 5 करोड़ मांगने का मामला, मुख्य आरोपी लोहरदगा से गिरफ्तार
झारखंड की राजधानी रांची में एक डॉक्टर और उनके परिवार को लगातार फोन कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS…
झारखंड की राजधानी रांची में एक डॉक्टर और उनके परिवार को लगातार फोन कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी दीपू को रांची पुलिस की एक टीम ने लोहरदगा में छापेमारी कर पकड़ा।
मामला अशोक नगर निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से जुड़ा है। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई की रात उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से करीब 42 बार कॉल और मिस्ड कॉल आए। फोन करने वालों ने उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की और रकम न देने पर लोहरदगा में गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। इस घटना के बाद डॉक्टर और उनका पूरा परिवार दहशत में आ गया था।
कैसे आरोपी तक पहुंची पुलिस?
डॉ. सिन्हा की लिखित शिकायत पर अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। जांच टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन लोहरदगा में मिलने के बाद पुलिस ने वहां दबिश देकर दीपू को गिरफ्तार कर लिया।
ज़मीन खरीदने के बहाने साधा था संपर्क
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सबसे पहले डॉक्टर की पैतृक जमीन खरीदने के बहाने उनसे संपर्क किया था। बातचीत के दौरान ही उन्होंने अपनी मंशा जाहिर कर दी और पांच करोड़ रुपये की मांग कर डाली। फिलहाल दीपू पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश के पीछे और कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके तार किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं।
इनपुट: IANS



