सवाई माधोपुर: स्कूल में टीचर के पैसे खोए, तलाशी के नाम पर छात्राओं के कपड़े उतरवाने का आरोप, दो पर कार्रवाई
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षिका के पैसे खो जाने के बाद छात्राओं के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षिका के पैसे खो जाने के बाद छात्राओं के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके चलते शिक्षा विभाग ने एक शिक्षिका को निलंबित और एक अन्य को कार्यमुक्त कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 13 जुलाई को बामनवास उपखंड क्षेत्र के लिवाली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षिका, सरस्वती मीना, के पर्स से कुछ रुपए गायब हो गए थे। इसका शक स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं पर किया गया। इसके बाद, जांच के नाम पर कथित तौर पर कक्षा 9वीं से लेकर 11वीं तक की छात्राओं के कपड़े उतरवा दिए गए और उनकी तलाशी ली गई।
जब डरी-सहमी छात्राएं घर लौटीं और अपने परिवार वालों को इस घटना के बारे में बताया, तो पूरे गांव में गुस्सा फैल गया। बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए और उन्होंने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया।
प्रशासन ने की तत्काल कार्रवाई
मामले की सूचना मिलने पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) प्रतिभा मीना मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित छात्राओं से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली और इसकी सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
सीबीईओ की रिपोर्ट के आधार पर भरतपुर मंडल के स्कूल शिक्षा संयुक्त निदेशक ने तुरंत कार्रवाई की। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शिक्षिका सरस्वती मीना को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय धौलपुर के राजाखेड़ा स्थित सीबीईओ कार्यालय रहेगा। इसके साथ ही, स्कूल की व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को भी सेवा प्रदाता कंपनी के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने इस मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



