राजस्थान निकाय चुनाव में BJP की बढ़त, कांग्रेस पर श्रवण सिंह बागड़ी का कटाक्ष- 'अब EVM पर मढ़ेगी हार का ठीकरा'
राजस्थान के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बढ़त के बीच पार्टी के प्रदेश महासचिव श्रवण सिंह बागड़ी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी आसन्न हार के लिए हमेशा की…
राजस्थान के निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बढ़त के बीच पार्टी के प्रदेश महासचिव श्रवण सिंह बागड़ी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी आसन्न हार के लिए हमेशा की तरह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और सरकारी मशीनरी को दोष देगी। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में बागड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों पर जनता ने भरोसा जताया है।
बागड़ी ने दावा किया, "इन नतीजों से राजस्थान की जनता देख रही है कि चाहे नगर निगम हों, नगर परिषद हों या नगरपालिकाएं, हर जगह भाजपा का कमल खिलता हुआ दिख रहा है।" उन्होंने कहा कि राज्य के 10 निगमों में भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने इस जीत का श्रेय पिछले तीन वर्षों में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में किए गए पार्टी के कार्यों को दिया।
हार के लिए बहाने तलाशेगी कांग्रेस
जब उनसे कांग्रेस के उन आरोपों के बारे में पूछा गया कि भाजपा गलत तरीके से जीते हुए उम्मीदवारों को हरा रही है, तो बागड़ी ने इसे कांग्रेस का 'स्थायी बयान' करार दिया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, "मैं अभी कुछ समय पहले मीडिया को यही बता रहा था कि कांग्रेस के ईवीएम को दोष देने वाले बयान आने वाले हैं। ये भाजपा पर आरोप लगाएंगे कि ईवीएम के द्वारा घपले किए हैं, प्रशासन के द्वारा जबरदस्ती की है।"
भाजपा महासचिव ने आगे कहा कि जब भी कांग्रेस की हार होती है, वह इसी तरह के आरोप लगाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केवल सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, उनका धरातल पर जनता से कोई जुड़ाव नहीं है। बागड़ी के अनुसार, "कांग्रेस के नेता जनता के बीच नहीं जाते। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता तक यह जानते हैं कि हमारे नेता क्या बयान देने वाले हैं। जनता समझदार है, आज का युवा विकास चाहता है।"
इनपुट: IANS



