ग्रेटर नोएडा PNB घोटाला: ₹35 करोड़ के गबन से खाते खाली, बैंक ने कहा— 'सबका पैसा सुरक्षित है'
ग्रेटर नोएडा के पाई-1 सेक्टर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा में 35 करोड़ रुपये से अधिक के कथित वित्तीय घोटाले ने खाताधारकों को चिंता में डाल दिया है। कई ग्राहकों ने अपने खातों और फिक्स्ड…
ग्रेटर नोएडा के पाई-1 सेक्टर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा में 35 करोड़ रुपये से अधिक के कथित वित्तीय घोटाले ने खाताधारकों को चिंता में डाल दिया है। कई ग्राहकों ने अपने खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से बड़ी रकम गायब होने की शिकायत की है, जिसके बाद वे अपनी जमा-पूंजी की सुरक्षा को लेकर बैंक के चक्कर लगा रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उनका पैसा सुरक्षित है और मामले की जांच चल रही है।
बैंक शाखा में अपनी मेहनत की कमाई गायब होने से परेशान कई खाताधारक जमा हो गए। इनमें से एक अमरपाल नाम के ग्राहक ने आरोप लगाया कि उनकी 80 लाख रुपये की तीन FD को बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा, "हमने तो ये सोच कर एफडी की थी कि सरकारी बैंक है, सेफ रहेगा, लेकिन जब ये खा गए तो पैसा सेफ है कहां।" उन्होंने बताया कि थाने में तहरीर देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई और बैंक 10-15 दिन में पैसा वापस आने की बात कहकर टाल रहा है।
बैंक का आश्वासन और ग्राहकों की आपबीती
इस संकट के बीच, PNB के चीफ मैनेजर राजेश निगम ने IANS से बातचीत में सभी ग्राहकों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा, "जिसका भी पैसा बैंक में है, मिलेगा। बैंक में चेकिंग चल रही है और पैसा सबको मिल रहा है... किसी को कोई नुकसान नहीं होगा।" हालांकि, उन्होंने मामले की विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि जांच के लिए कुछ समय चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह समस्या केवल इसी एक शाखा में हुई है।
लेकिन बैंक के आश्वासन के बावजूद ग्राहकों का डर कम नहीं हो रहा है। बृजेश कुमार नाम के एक अन्य ग्राहक ने बताया कि उनके खाते में 1.18 करोड़ रुपये थे, जो अब 'जीरो बैलेंस' दिखा रहा है। उन्होंने कहा, "मैनेजर ने कहा है कि दीवाली से पहले तक पैसा मिल जाएगा, लेकिन हमें कोई उम्मीद नहीं लग रही है।" इसी तरह, बीना नाम की एक महिला खाताधारक ने कहा कि बैंक वाले एक आवेदन लिखकर देने को कह रहे हैं, लेकिन पैसा कब तक मिलेगा, यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल सभी ग्राहक जांच पूरी होने और अपनी रकम वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
इनपुट: IANS



