अलवर: पुलिस थाने के बाहर मुस्लिम युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, परिवार ने नफ़रती हमले का आरोप लगाया
राजस्थान के अलवर जिले में एक पुलिस स्टेशन के ठीक बाहर 40 वर्षीय एक मुस्लिम व्यक्ति की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी दाढ़ी और टोपी की वजह से…
राजस्थान के अलवर जिले में एक पुलिस स्टेशन के ठीक बाहर 40 वर्षीय एक मुस्लिम व्यक्ति की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी दाढ़ी और टोपी की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने गहरा दुख जताते हुए गहन जांच की मांग की है।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह घटना 24 सितंबर की सुबह अलवर के बड़ौदामेव पुलिस स्टेशन के गेट के सामने हुई। मृतक की पहचान बरवास गांव के निवासी सैकून खान के रूप में हुई है, जो दो बेटियों और एक बेटे के पिता थे। वह अपनी मोटरसाइकिल का टायर खरीदने के लिए बाजार गए थे, जब उन पर यह जानलेवा हमला हुआ।
क्या है पूरा मामला?
सैकून खान के पिता नसरू खान ने बताया कि उनका बेटा एक अन्य ग्रामीण के साथ बड़ौदामेव गया था। जब वह पुलिस स्टेशन के गेट पर पहुंचा, तो एक व्यक्ति ने अचानक उसके सिर पर भारी पत्थर से वार कर दिया। सैकून के मोटरसाइकिल के नीचे गिरने के बाद हमलावर ने एक नुकीले पत्थर से उन पर लगातार वार किए, जिससे उनका सिर कुचल गया। पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक के छोटे भाई इरशाद खान ने कहा, "हमें नहीं पता कि मेरे भाई की हत्या क्यों की गई। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनका एकमात्र गुनाह यह था कि उन्होंने दाढ़ी रखी थी और टोपी पहनी थी।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस स्टेशन के बाहर हत्या होती रही, लेकिन कोई भी पुलिसकर्मी उन्हें बचाने नहीं आया।
मीरवाइज उमर फारूक ने की निंदा
इस निर्मम हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए मीरवाइज उमर फारूक ने सोशल मीडिया पर इसे 'दिल दहला देने वाली' घटना बताया। उन्होंने लिखा, "इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।" मीरवाइज ने इस घटना को सत्ता में बैठे लोगों द्वारा अल्पसंख्यकों के खिलाफ की जाने वाली 'भड़काऊ और सांप्रदायिक टिप्पणियों' से जोड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसी बयानबाजी पूर्वाग्रह को सामान्य बना रही है, जिसके परिणाम सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं।
इनपुट: IANS



