बीकानेर: बहन को बचाने के लिए जलाशय में कूदे तीन भाई, डूबने से चारों की दर्दनाक मौत
राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार को एक बेहद दुखद घटना घटी, जहाँ एक ही परिवार के चार बच्चों की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक किशोरी पानी निकालते समय फिसलकर जलाशय में…
राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार को एक बेहद दुखद घटना घटी, जहाँ एक ही परिवार के चार बच्चों की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक किशोरी पानी निकालते समय फिसलकर जलाशय में गिर गई और उसे बचाने की कोशिश में उसके दो सगे भाई और एक चचेरा भाई भी अपनी जान गँवा बैठे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह दिल दहला देने वाली घटना छतरगढ़ थाना क्षेत्र के 4 एडब्ल्यूएम इलाके की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रमेश नायक नाम के किसान ने सोना राम मेघवाल का खेत पट्टे पर ले रखा है। बुधवार सुबह रमेश की 14 वर्षीय बेटी पूजा नायक खेत में बने जलाशय से पानी निकाल रही थी कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरी।
एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में गई जान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा ने बताया कि पूजा को डूबता देख उसके दो सगे भाई, मुकेश (21) और मनोज, उसे बचाने के लिए तुरंत जलाशय में कूद गए। इसी दौरान उनके चाचा कालूराम के बेटे निर्मल (18) ने भी उन्हें बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन दुर्भाग्य से, एक-दूसरे को बचाने के इस प्रयास में चारों गहरे पानी में डूब गए।
सूचना मिलने पर छतरगढ़ पुलिस करीब 20-25 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस के अनुसार, उस समय तक एक बच्चे की मौत हो चुकी थी, जबकि बाकी तीन की नब्ज बहुत कमजोर चल रही थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन तीनों ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। मृतकों में तीन सगे भाई-बहन (रमेश के बच्चे) और एक उनका चचेरा भाई (कालूराम का बेटा) शामिल है।
इनपुट: IANS



