किसानों को राहत: रबी सीजन के लिए फॉस्फेट और पोटाश खाद पर सब्सिडी में भारी बढ़ोतरी
केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेट और पोटाश (P&K) आधारित उर्वरकों पर दी जाने वाली सब्सिडी में एक बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस…
केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेट और पोटाश (P&K) आधारित उर्वरकों पर दी जाने वाली सब्सिडी में एक बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस सब्सिडी को 24,417.73 करोड़ रुपए बढ़ा दिया गया है, जिससे किसानों को सस्ती दरों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वृद्धि के बाद रबी 2026-27 के लिए पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) का कुल बजट लगभग 62,370.02 करोड़ रुपए हो गया है। यह राशि पिछले साल की समान अवधि, यानी रबी 2025-26 के बजट 37,952.29 करोड़ रुपए के मुकाबले काफी अधिक है।
सब्सिडी बढ़ाने का कारण और प्रभाव
सरकार ने यह कदम उर्वरकों और उनके कच्चे माल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में हालिया उतार-चढ़ाव को देखते हुए उठाया है। कैबिनेट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस फैसले से P&K उर्वरकों पर दी जाने वाली सब्सिडी को युक्तिसंगत बनाया गया है। इस कदम का सीधा उद्देश्य किसानों पर वित्तीय बोझ कम करना और उन्हें रियायती, सस्ती व उचित कीमतों पर खाद उपलब्ध कराना है।
किसानों तक कैसे पहुंचेगा लाभ?
सरकार उर्वरक निर्माताओं और आयातकों के माध्यम से किसानों को डीएपी (DAP) सहित P&K उर्वरकों के 28 ग्रेड रियायती कीमतों पर उपलब्ध कराती है। अब नई मंजूर की गई दरों के अनुसार, उर्वरक कंपनियों को सब्सिडी प्रदान की जाएगी। यह सुनिश्चित करेगा कि किसानों को सस्ती कीमतों पर उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता बनी रहे। उल्लेखनीय है कि P&K उर्वरकों पर सब्सिडी की यह व्यवस्था 1 अप्रैल, 2010 से लागू पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) योजना के तहत संचालित होती है। सरकार ने अपने किसान-हितैषी दृष्टिकोण के तहत यह फैसला लिया है।
इनपुट: IANS



