लोकसभा में राहुल गांधी के दो शब्दों पर हंगामा, किरेन रिजिजू ने जताई असंसदीय भाषा पर आपत्ति
लोकसभा में सोमवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में 'बेवकूफ' और 'अंधभक्त' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान दिए गए उनके इस…
लोकसभा में सोमवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में 'बेवकूफ' और 'अंधभक्त' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान दिए गए उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए बाधित हुई।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राहुल गांधी के इन शब्दों के तुरंत बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष ने असंसदीय भाषा का प्रयोग किया है, जिससे सत्ता पक्ष के सदस्य उत्तेजित हुए हैं। रिजिजू ने नियमों का हवाला देते हुए कहा, "आपको (राहुल गांधी) पता है कि असंसदीय शब्दों को लेकर नियम हमने नहीं बनाए हैं। नियमों के मुताबिक संसदीय मर्यादा में रहते हुए आपको बात करनी है तो हम आपकी बात सुन रहे हैं।"
मंत्री की नसीहत और विपक्ष पर आरोप
किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को उनके पद की याद दिलाते हुए सदन का माहौल खराब न करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, "आप नेता विपक्ष हैं। आप ऐसी परिस्थिति खराब न करें। स्पीकर साहब ने भी जिक्र किया है।" इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और याद दिलाया कि कैसे राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद प्रधानमंत्री के भाषण को रोकने की कोशिश की गई थी और विपक्ष के सदस्य सीट के नज़दीक आ गए थे।
कार्यवाही से शब्द हटाने की मांग
सदन में बढ़ते हंगामे के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हस्तक्षेप किया। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए असंसदीय शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की। बाद में, अध्यक्ष ने स्थिति को स्पष्ट किया और राहुल गांधी को फिर से अपनी बात रखने का मौका दिया, जिसके बाद चर्चा आगे बढ़ सकी।
इनपुट: IANS



