राजस्थान: चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर अशोक गहलोत का जवाब- 'यह फैसला हाईकमान का'
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य में चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की अटकलों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि इस तरह के फैसले पार्टी हाईकमान…
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य में चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की अटकलों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि इस तरह के फैसले पार्टी हाईकमान लेता है और चुनाव में अभी दो साल का समय बाकी है।
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में गहलोत ने कहा, "ये हमारा फैसला नहीं है कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा, कौन नहीं बनेगा। कांग्रेस के इतिहास में चुनाव से पहले राज्य स्तर पर कभी ऐसे फैसले नहीं लिए गए हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी में अंतिम निर्णय सभी को स्वीकार्य होना चाहिए, भले ही वह उनके पक्ष में न हो।
पंचायत चुनाव में जीत के बताए दो कारण
अशोक गहलोत ने हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत का श्रेय दो प्रमुख वजहों को दिया। उन्होंने कहा कि पहला कारण राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी द्वारा चलाया जा रहा संघर्ष है, जिसमें महंगाई, बेरोजगारी और 'वोट की चोरी' जैसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने कहा कि राजस्थान की जीत गांवों की जीत है। इसका संदेश देश भर के गांवों तक पहुंचा है।" गहलोत के मुताबिक, राहुल गांधी के संघर्षों से देश में एक विशेष माहौल बना है, जिसका फायदा पार्टी को मिला है। जीत का दूसरा कारण उन्होंने राजस्थान में कांग्रेस की एकजुटता और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा किए गए संगठनात्मक कार्यों को बताया। उन्होंने दावा किया कि जनता यह समझ चुकी है कि वर्तमान सरकार सिर्फ झूठे वादे कर रही है और भ्रष्टाचार बढ़ गया है।
इनपुट: IANS



