फिल्म 'रामायण' पर बढ़ा विवाद, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता के खिलाफ मुंबई में पुलिस शिकायत
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा के…
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा के खिलाफ मुंबई के मुलुंड पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है।
यह शिकायत हिंदू जनजागृति समिति के प्रवक्ता सतीश कोचरेकर ने दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म बनाने में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में मूल वाल्मीकि रामायण की कहानी को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इससे करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है।
शिकायत में क्या हैं मुख्य आरोप?
शिकायतकर्ता ने फिल्म पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, फिल्म में भगवान श्री राम का अपमान किया गया है, जबकि रावण का महिमामंडन किया गया है। शिकायत में कुछ उदाहरण भी दिए गए हैं:
- रावण का महिमामंडन: आरोप है कि फिल्म में रावण को गरीबों को सोने का घर देने वाला, शोषितों का रक्षक और महिलाओं का सम्मान करने वाले के रूप में दिखाया गया है।
- श्री राम-लक्ष्मण का चित्रण: एक दृश्य का जिक्र करते हुए कहा गया है कि ताड़का और खर-दूषण की सेना के सामने शस्त्रों से लैस श्री राम और लक्ष्मण को डरकर पीछे हटते दिखाया गया है, जबकि निहत्थे रावण को सेना के सामने निडरता से लड़ते हुए दर्शाया गया है।
- काल्पनिक प्रसंग: शिकायत के मुताबिक, फिल्म में ऐसे काल्पनिक और आपत्तिजनक दृश्य जोड़े गए हैं, जिनमें माता सीता, शूर्पणखा की नाक काटने पर लक्ष्मण को फटकारती हैं और श्री राम, खर-दूषण राक्षसों से क्षमा मांगते हैं।
- लक्ष्मण का चरित्र: इसके अलावा, त्याग के प्रतीक लक्ष्मण को एक उद्दंड और बड़ों का अनादर करने वाले व्यक्ति के रूप में चित्रित करने का भी आरोप है।
कानूनी कार्रवाई और जांच की मांग
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाना) और धारा 196 (धर्म के आधार पर समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है। समिति ने मांग की है कि निर्देशक, निर्माता और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई हो।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जांच के लिए फिल्म की पटकथा, संवाद और आपत्तिजनक दृश्यों के टाइमस्टैंप को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा जाए। साथ ही, फिल्म में किए गए बदलावों की तुलना मूल ग्रंथ से करने के लिए वाल्मीकि रामायण के विद्वानों और धर्मशास्त्र के जानकारों की राय लेने का भी आग्रह किया गया है। समिति ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की तो वे लोकतांत्रिक तरीके से और तीव्र आंदोलन करेंगे।
इनपुट: IANS



