प्याज की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने की तैयारी, नासिक से 'कांदा एक्सप्रेस' दिल्ली रवाना
प्याज की बढ़ती कीमतों से आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने एक बड़ी पहल की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को प्याज की पहली विशेष खेप लेकर 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन महाराष्ट्र…
प्याज की बढ़ती कीमतों से आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने एक बड़ी पहल की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को प्याज की पहली विशेष खेप लेकर 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन महाराष्ट्र के नासिक से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इस कदम का सीधा मकसद दिल्ली जैसे बड़े बाजारों में प्याज की आपूर्ति बढ़ाकर कीमतों को काबू में लाना है।
यह प्याज सरकारी एजेंसियों के माध्यम से आम उपभोक्ताओं तक पहुँचाया जाएगा। इसे 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर बेचने की योजना है। नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन (NCCF), नैफेड और केंद्रीय भंडार जैसे सरकारी बिक्री केंद्रों के ज़रिए यह बिक्री होगी। सरकार का मानना है कि बाज़ार में अतिरिक्त प्याज आने और रियायती बिक्री शुरू होने से कीमतों पर दबाव कम होगा।
बाज़ार को राहत की उम्मीद
इस पहल को लेकर दिल्ली के सब्ज़ी कारोबारियों में भी उम्मीद जगी है। पूर्वी दिल्ली की गाजीपुर मंडी के एक व्यापारी राजकुमार लूथरा ने IANS को बताया कि फिलहाल मंडी में प्याज 40 से 45 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नासिक से आने वाली खेप गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह तक दिल्ली पहुंच जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि नासिक से लाए गए प्याज को आदर्श नगर सब्जी मंडी में उतारा जाएगा, जिसके बाद नीलामी के जरिए इसकी बिक्री होगी। लूथरा के अनुसार, जब यह अतिरिक्त प्याज बाज़ार में पहुँचेगा, तो आपूर्ति बढ़ने से थोक और खुदरा, दोनों कीमतों में नरमी आने की संभावना है, जिससे व्यापारियों और आम खरीदारों दोनों को फायदा होगा।
इनपुट: IANS



