पंजाब: अकाली दल ने AAP पर लगाया 2000 करोड़ के खनन घोटाले का आरोप, CBI जांच की मांग
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर एक बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया…
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर एक बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के करीबी नेताओं की देखरेख में राज्य में एक बड़ा खनन माफिया सक्रिय है, जो पंजाब को लूट रहा है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मजीठिया ने इस पूरे मामले को 2000 करोड़ रुपये का घोटाला बताते हुए इसकी सीबीआई और ईडी से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने अपने आरोपों का आधार श्री आनंदपुर साहिब के एक कार्यकर्ता मंजीत सिंह के एक वीडियो को बताया है। मजीठिया ने एक वीडियो संदेश में कहा, "मंजीत सिंह ने श्री आनंदपुर साहिब की धरती पर लाइव होकर अपनी पीड़ा और दर्द को बयां किया। यह सारा कुछ मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के करीबी दिनेश चड्ढा के बारे में लाइव होकर कह रहा है। उन्होंने बहुत बड़े आरोप लगाए हैं।"
प्रमुख AAP नेताओं पर सीधा निशाना
अकाली दल के नेता ने आरोप लगाया है कि दिनेश चड्ढा, हरजोत बैंस और बचित्तर सिंह जैसे नेताओं की सरपरस्ती में यह खनन माफिया काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमृतसर, पठानकोट और गुरदासपुर जैसे इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। मजीठिया ने कहा, "अनंतपुर साहिब में माइनिंग माफिया हर मशीन, क्रेशर, माइनिंग साइट से पैसे इकट्ठे कर रहे हैं।"
OSD और विदेश पैसा भेजने के आरोप
बिक्रम मजीठिया ने OSD राजवीर पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि लुधियाना में हुए एक कार्यक्रम में करोड़ों रुपये लूटे गए। उन्होंने दावा किया, "ओएसडी राजवीर पर जिस तरह विदेशों में पैसा भेजने के आरोप थे, उसी तरह दिनेश चड्ढा पर आरोप हैं।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खनन से मिले पैसे को आम आदमी पार्टी के कार्यालय के जरिए मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन और भगवंत मान तक पहुंचाया जा रहा है। मजीठिया ने दावा किया कि AAP नेता इस 'काली कमाई' से चुनाव लड़ना चाहते हैं और पैसा हवाला के जरिए विदेशों में भी भेजा जा रहा है।
इनपुट: IANS



