पंजाब: मंत्री से बेटे के नशे की शिकायत की, अपमान से आहत पिता ने खाया ज़हर
पंजाब के संगरूर जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ अपने बेटे की नशे की लत से परेशान एक पिता ने कैबिनेट मंत्री से सवाल पूछने के बाद कथित तौर पर हुए अपमान से आहत होकर अपनी जान देने की कोशिश…
पंजाब के संगरूर जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ अपने बेटे की नशे की लत से परेशान एक पिता ने कैबिनेट मंत्री से सवाल पूछने के बाद कथित तौर पर हुए अपमान से आहत होकर अपनी जान देने की कोशिश की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दिरबा इलाके के तुर बंजारा गांव के रहने वाले 50 वर्षीय गुलजार सिंह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
यह मामला उस समय तूल पकड़ गया जब शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इसे लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। मजीठिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि जब गुलजार सिंह ने कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा से सार्वजनिक रूप से पूछा कि सरकार नशे के कारोबार पर लगाम क्यों नहीं लगा पा रही है, तो उन्हें सच बोलने की सजा दी गई।
सवाल पूछने पर अपमान का आरोप
बिक्रम मजीठिया के अनुसार, गुलजार सिंह ने मंत्री से गुहार लगाते हुए कहा था, “मेरा जवान बेटा खुलेआम नशा करता है, आप नशे का कारोबार क्यों नहीं रोकते। मेरा बेटा खुलेआम सफेद नशा करता है, आप इसे क्यों नहीं रोकते?” इस सीधे सवाल के बाद, कथित तौर पर पुलिस ने उन्हें किनारे धकेल दिया और वहां मौजूद 'आप' नेताओं ने उन पर माफी मांगने के लिए दबाव बनाया।
मजीठिया ने दावा किया कि इसी सार्वजनिक अपमान से व्यथित होकर गुलजार सिंह ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना को लेकर गांव में गहरा रोष है। बताया जा रहा है कि गुलजार सिंह का बेटा लंबे समय से नशे का आदी है और वह इसे लेकर कई बार शिकायत कर चुके थे।
सरकार पर विपक्ष का निशाना
इस घटना ने पंजाब में बढ़ते नशे के मुद्दे को एक बार फिर हवा दे दी है। बिक्रम मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए लिखा, "गुरु-द्रोही के राज में सवाल पूछना जुर्म बन गया है।" उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या यही उनका 'नशा-मुक्त पंजाब' है, जहाँ सवाल पूछना भी अपराध माना जा रहा है। विपक्ष लगातार यह आरोप लगाता रहा है कि सरकार के नशे के खिलाफ अभियान के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।
इनपुट: IANS



