चंडीगढ़-मोहाली में फायरिंग की साजिश नाकाम, पंजाब पुलिस ने विदेशी हैंडलर्स से जुड़े 2 गैंगस्टर दबोचे
पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। राज्य की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने एक संयुक्त ऑपरेशन में गैंगस्टर नेटवर्क के दो…
पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। राज्य की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने एक संयुक्त ऑपरेशन में गैंगस्टर नेटवर्क के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इन गिरफ्तारियों से चंडीगढ़ और मोहाली में जबरन वसूली के लिए की जाने वाली फायरिंग की एक बड़ी योजना को समय रहते नाकाम कर दिया गया।
पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उनके अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलर्स के लगातार संपर्क में थे।
विदेशी हैंडलर्स के निशाने पर था ट्राई-सिटी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों को उनके विदेशी आकाओं ने चंडीगढ़-मोहाली इलाके में फायरिंग करने का काम सौंपा था। इसका मकसद इलाके में दहशत फैलाकर जबरन वसूली करना था। डीजीपी के पोस्ट में कहा गया, "एक बड़ी कामयाबी में, पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो साथियों को पकड़ा है। उनके पास से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।"
इस मामले में लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 8 में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस अब इस नेटवर्क की गहरी जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच का मुख्य फोकस आरोपियों के विदेशी हैंडलर्स और उनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना है। पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि वह राज्य से गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने और शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इनपुट: IANS



