भगवंत मान सरकार पर हरसिमरत कौर का बड़ा हमला, कहा- पंजाब में आवाज़ उठाने वालों को बनाया जा रहा निशाना
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पर शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के राज में पंजाबियों की आवाज को दबाया जा रहा है और…
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पर शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के राज में पंजाबियों की आवाज को दबाया जा रहा है और सवाल पूछने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरसिमरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा निशाना साधा।
हरसिमरत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा, "आम आदमी पार्टी के राज में पंजाबियों की आवाज इस तरह दबाई जा रही है। इस वीडियो को ध्यान से देखिए। यह है तरीका जिससे भगवंत मान और उनके 'मास्टर' अरविंद केजरीवाल पंजाबियों को चुप करा रहे हैं।"
सुनाम की घटना का दिया हवाला
यह मामला सुनाम के शेरो गांव का बताया जा रहा है। हरसिमरत कौर के मुताबिक, वहां मुख्यमंत्री एक 'फर्जी पीआर मिलनी' कर रहे थे, तभी एक युवक ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ अपनी आवाज़ उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके कुछ ही मिनटों के अंदर पुलिस ने उस युवक को हिरासत में ले लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
साझा किए गए वीडियो में कथित तौर पर दिख रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सभा के दौरान एक युवक छत पर चढ़कर उनका विरोध कर रहा है, जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे हिरासत में ले लेते हैं। अकाली दल की सांसद ने इसी वीडियो को सबूत बताते हुए कहा कि कैसे 4 साल की सत्ता ने एक 'कॉमेडियन' को पूरी तरह से भ्रष्ट कर एक 'तानाशाह' में बदल दिया है।
'पंजाब सब देख रहा है'
अपने हमले को जारी रखते हुए उन्होंने कहा, "आज आम आदमी पार्टी के राज में कोई भी पंजाबी जो अपनी आवाज उठाता है या जवाबदेही मांगता है, उसे दबा दिया जाता है।" हरसिमरत ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पंजाब सब कुछ ध्यान से देख रहा है और इन सभी अन्यायों का बदला जरूर लेगा। उन्होंने अपनी पोस्ट में '#PunjabVirodhiAAP' हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।
इनपुट: IANS



