संगरूर हादसा: मनरेगा कार्य के दौरान तेज रफ़्तार गाड़ी ने महिला मजदूरों को रौंदा, 9 की मौत
पंजाब के संगरूर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत काम कर रहीं 9 महिला मजदूरों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गईं। यह…
पंजाब के संगरूर जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत काम कर रहीं 9 महिला मजदूरों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गईं। यह दर्दनाक घटना लहरागागा इलाके में उस वक्त हुई, जब महिलाएं सड़क किनारे घास काटने और सफाई का काम कर रही थीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एक तेज रफ्तार वाहन ने इन मजदूरों को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार, अलीशेर गांव की करीब 20 से 25 महिलाएं हादसे के समय काम पर मौजूद थीं। घायलों को इलाज के लिए संगरूर के सरकारी अस्पताल समेत कई अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने सड़क किनारे काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर आरोप
हादसे में घायल हुईं महिलाओं और पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि काम करने के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। उनके अनुसार, कार्यस्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा था और न ही रिफ्लेक्टर या बैरिकेडिंग की व्यवस्था थी। इतना ही नहीं, मजदूरों को सुरक्षा के लिए ज़रूरी सेफ्टी जैकेट भी नहीं दी गई थीं।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
संगरूर के सरकारी अस्पताल में घायलों का इलाज कर रहीं डॉक्टर पूनम धीर ने बताया कि लहरागागा से 7-8 मरीज़ लाए गए थे। उन्होंने पुष्टि की कि इनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि 2-3 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है। बाकी मरीजों का इलाज और उनकी ज़रूरी जांचें की जा रही हैं।
इनपुट: IANS



