पुणे में FDA का बड़ा एक्शन: KFC स्टोरेज समेत 3 रेस्टोरेंट पर गिरी गाज, ₹20 लाख का सामान जब्त
महाराष्ट्र के पुणे संभाग में खाद्य सुरक्षा को लेकर अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। 'सेफ फूड, सेफ ड्रग, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत 17 से 20 अगस्त के बीच चले इस विशेष जांच…
महाराष्ट्र के पुणे संभाग में खाद्य सुरक्षा को लेकर अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। 'सेफ फूड, सेफ ड्रग, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत 17 से 20 अगस्त के बीच चले इस विशेष जांच अभियान में कई नामी प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद 3 होटलों और रेस्टोरेंट के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान करीब 19.90 लाख रुपये का संदिग्ध खाद्य सामान भी जब्त किया गया।
यह पूरी कार्रवाई अन्न सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देशों पर अमल में लाई गई। अधिकारियों ने पाया कि कई जगहों पर गंदगी, कॉकरोच, एक्सपायर्ड सामान और बिना इजाजत भंडारण जैसी गंभीर खामियां थीं।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
बाबा किचन, मारुंजी: मुलशी तालुका स्थित मदरसन सुमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड की इस कैंटीन में खाद्य सुरक्षा नियमों का बड़े पैमाने पर उल्लंघन मिला। जांच में खाद्य पदार्थों में मिलावटी रंग का इस्तेमाल और बड़ी संख्या में कॉकरोच व अन्य कीड़े पाए गए, जिसके बाद लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
एम्ब्रोसियोस, श्रीनाथ फूड कॉर्नर, हिंजवडी: यहां भी जांच के दौरान मियाद खत्म हो चुका खाद्य पदार्थों का स्टॉक, गंदगी और बड़ी संख्या में कॉकरोच तथा अन्य कीड़े मिले। इन गंभीर चूकों के चलते प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।
केएफसी स्टोरेज, बावधन: सैफायर फूड्स द्वारा संचालित इस स्टोरेज में गंभीर खामियां सामने आईं। जांच टीम ने पाया कि इस जगह का FSSAI लाइसेंस में कोई उल्लेख नहीं था, फिर भी यहां खाद्य पदार्थों का भंडारण हो रहा था। कोल्ड स्टोरेज का एसी खराब था, पानी के रिसाव से बॉक्स पर मोटी बर्फ जमी थी और कई खाद्य बॉक्स सीधे जमीन पर रखे हुए थे। इसके चलते इस बिना लाइसेंस वाले भंडारण को बंद करने के निर्देश दिए गए।
विभिन्न जिलों में छापेमारी और लाखों की जब्ती
पुणे संभाग के अलग-अलग जिलों में भी मिलावट और लेबलिंग की खामियों को लेकर 5 प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गए। इन कार्रवाइयों में कुल 19,90,740 रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं।
- सोलापुर: बार्शी में 3,400 किलो रबड़ी और गुलाब जामुन प्रीमिक्स (कीमत ₹5,23,200) जब्त किया गया।
- कोल्हापुर: पन्हाला में चांगभाला पेड़ा सेंटर से 62 किलो पेड़ा (कीमत ₹16,700) और संपत मिठाई भंडार से 156 किलो एक्सपायर्ड स्वीट हलवा (कीमत ₹1,40,400) जब्त कर नष्ट किया गया।
- पुणे: खेड़ तालुका में आंगनवाड़ियों को सप्लाई करने वाली कंपनी से 5,098 किलो खिचड़ी मसाला और 5,598 किलो टोस्टेड सोया ग्रिट्स जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत ₹9,57,640 है।
- सांगली: मार्केट यार्ड से ₹4,30,080 मूल्य का गुड़ पाउडर जब्त किया गया।
इन सभी मामलों में जब्त खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू पर भी एक्शन
इसी अभियान के तहत, FDA ने प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ भी कार्रवाई की। विभाग ने 9 प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर करीब ₹18.36 लाख का स्टॉक जब्त किया है। इस मामले में 9 एफआईआर दर्ज कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 6 प्रतिष्ठान सील किए गए और लगभग ₹7.15 लाख कीमत के 2 वाहन भी जब्त हुए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
इनपुट: IANS



