पुणे: सरकारी कॉलेज में MNS नेता अमित ठाकरे ने हटवाई PM मोदी की तस्वीर, प्रिंसिपल ने की शिकायत
पुणे के एक सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता अमित ठाकरे के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाचार एजेंसी IANS…
पुणे के एक सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता अमित ठाकरे के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, कॉलेज के प्रिंसिपल ने आरोप लगाया है कि ठाकरे के कहने पर उनके कार्यकर्ताओं ने जबरन उनके दफ्तर से पीएम की तस्वीर उतार दी, जिसके बाद उन्होंने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
यह घटना पुणे के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में गुरुवार को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। प्रिंसिपल राजेंद्र पाटिल ने बताया कि अमित ठाकरे अपने 20-25 समर्थकों के साथ कॉलेज का निरीक्षण करने आए थे। इसी दौरान वे उनके केबिन में पहुंचे।
तस्वीर पर विवाद और प्रिंसिपल का विरोध
प्रिंसिपल के अनुसार, उनके केबिन में छत्रपति शिवाजी महाराज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगी थीं। पीएम की तस्वीर देखकर अमित ठाकरे ने कहा कि इसे यहां नहीं लगाया जा सकता। इसके बाद उन्होंने अपने एक कार्यकर्ता को इसे हटाने का निर्देश दिया, जिसने तुरंत तस्वीर को नीचे उतार दिया।
प्रिंसिपल राजेंद्र पाटिल ने बताया कि उन्होंने अमित ठाकरे को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा, "कॉलेज में तस्वीर लगाने को लेकर सरकार का शासन निर्णय लागू है और उसके अनुसार वह प्रधानमंत्री की तस्वीर को नहीं हटा सकते।" अपनी शिकायत में उन्होंने कहा है कि उनके कार्यालय से तस्वीर जबरदस्ती हटवाई गई।
कॉलेज की व्यवस्थाओं पर भी उठाए सवाल
तस्वीर हटाने के अलावा, अमित ठाकरे और उनके समर्थकों ने कॉलेज और हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने हॉस्टल के शौचालय और बाथरूम की खराब साफ-सफाई पर आपत्ति जताई। साथ ही, कैंटीन में इस्तेमाल हो रहे प्याज की गुणवत्ता को भी खराब बताते हुए एक कैरेट खराब प्याज लाकर दिखाया और कहा कि ऐसे प्याज का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
पाटिल के मुताबिक, अमित ठाकरे ने जाते हुए यह भी कहा कि आठ दिन बाद उनके कार्यकर्ता फिर से कॉलेज आकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और अगर सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आएंगे।
इनपुट: IANS



