बिहार: 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन से पहले तेजस्वी यादव ने उठाए कई सवाल, BJP पर श्रेय लेने का लगाया आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और एक नए पुल के उद्घाटन से ठीक पहले, राज्य की सियासत गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने फेसबुक लाइव के जरिए इस पुल के निर्माण और नामकरण को…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और एक नए पुल के उद्घाटन से ठीक पहले, राज्य की सियासत गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने फेसबुक लाइव के जरिए इस पुल के निर्माण और नामकरण को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इसका श्रेय लेने की कोशिश का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी शनिवार को कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करने वाले हैं, जिसका नाम बिहार सरकार ने 'नीतीश सेतु' रखा है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस पुल के निर्माण की शुरुआत 2016 में तत्कालीन महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी 2016 को जब वे उपमुख्यमंत्री थे और पथ निर्माण विभाग उनके पास था, तब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू यादव की मौजूदगी में इसका शिलान्यास हुआ था। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में पुराने सरकारी विज्ञापन और तस्वीरें भी दिखाईं।
नामकरण पर विवाद
पुल के नाम को लेकर तेजस्वी ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने का प्रस्ताव था, जिस पर नीतीश कुमार ने भी सहमति जताई थी। बाद में, जब उन्होंने विधानसभा में इसे लेकर सवाल पूछा, तो सरकार ने 27 फरवरी को लिखित जवाब में बताया कि दसवें सिख गुरु, गुरु गोविंद सिंह के नाम पर पुल का नाम रखने का प्रतिवेदन मिला है और उस पर कार्रवाई की जा रही है। तेजस्वी ने पूछा, "जब सरकार ने गुरु गोविंद सिंह के नाम पर सहमति जताई थी, तो अचानक इसका नाम 'नीतीश सेतु' कैसे हो गया?" उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के जन्मस्थल पटना साहिब से इस क्षेत्र के विशेष संबंध का भी जिक्र किया।
केंद्र की भूमिका और उद्घाटन पर सवाल
राजद नेता ने पुल के निर्माण में केंद्र सरकार के योगदान पर भी सवाल दागा। उन्होंने कहा कि लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना में राज्य सरकार ने अपने संसाधनों और कर्ज से राशि जुटाई है, ऐसे में केंद्र ने कितनी आर्थिक मदद दी है? इसके अलावा, तेजस्वी यादव ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जून 2025 में ही इस पुल का उद्घाटन कर चुके हैं। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के एक विज्ञापन का हवाला देते हुए कहा कि 23 जून 2025 को मुख्यमंत्री ने सबलपुर में पटना-राघोपुर संपर्क पथ का उद्घाटन किया था। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, "प्रधानमंत्री एक ही पुल का कितनी बार उद्घाटन करेंगे?"
फेसबुक लाइव के दौरान तेजस्वी ने प्रधानमंत्री से पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा न दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और बिजली सब्सिडी जैसे विषयों पर भी सरकार को घेरा और कहा कि राजद बिहार के लोगों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा।
इनपुट: IANS



