बिहार: सांसद पप्पू यादव के काफिले में हादसा, कटिहार में पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी पलटने से पांच घायल
बिहार के कटिहार जिले में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के काफिले में शामिल पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी…
बिहार के कटिहार जिले में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के काफिले में शामिल पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हालांकि, सांसद इस घटना में पूरी तरह सुरक्षित हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब पप्पू यादव पूर्णिया से कटिहार के सालमारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
घटना बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क पर कुम्हरी के पास हुई। काफिले के आगे चल रही कटिहार पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी एक निर्माणाधीन पुल के नजदीक अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन पर काबू नहीं रख सका, जिससे गाड़ी सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गई।
स्थानीय लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना था कि दुर्घटना स्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड था और न ही कोई उचित डायवर्जन की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि पुल के आगे गहरी खाई होने के बावजूद सुरक्षा के कोई संकेत या बैरिकेड नहीं लगाए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घायलों का चल रहा इलाज
इस दुर्घटना में एस्कॉर्ट वाहन में सवार पांच सुरक्षाकर्मियों को चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, किसी को गर्दन, किसी को माथे तो किसी को पीठ में चोट लगी है। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया। फिलहाल, गाड़ी के अनियंत्रित होने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



