पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव की पहल: रोजगार मेले में 3000 से ज्यादा युवाओं को मिली नौकरी
बिहार के पूर्णिया में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित एक रोजगार मेले में 3,000 से अधिक युवाओं को नौकरी के प्रस्ताव मिले हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोमवार को हुए इस आयोजन में…
बिहार के पूर्णिया में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित एक रोजगार मेले में 3,000 से अधिक युवाओं को नौकरी के प्रस्ताव मिले हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोमवार को हुए इस आयोजन में एप्पल, ब्लिंकिट, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई जैसी कई बड़ी कंपनियों ने युवाओं का चयन किया। पिछले छह महीनों में पूर्णिया में यह तीसरा ऐसा रोजगार मेला था, जिसका उद्देश्य सीमांचल और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने खुद चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे। उन्होंने कहा कि रोजगार सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि किसी परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने और आत्मसम्मान बढ़ाने का आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की प्रगति की चर्चा में गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग के जीवन को केंद्र में रखना चाहिए।
युवाओं के लिए बेहतर वेतन और अवसर
पप्पू यादव ने कहा कि केवल नौकरी मिलना ही काफी नहीं है, बल्कि युवाओं को बेहतर वेतन और आगे बढ़ने के अवसर भी मिलने चाहिए। उन्होंने कहा, “यदि किसी युवा को 16 से 18 हजार रुपए मासिक वेतन मिलता है और उसका अधिकांश हिस्सा किराया, भोजन तथा अन्य खर्चों में चला जाता है, तो परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता है।” सांसद ने युवाओं के लिए कौशल विकास, पदोन्नति और तकनीकी शिक्षा के महत्व को भी रेखांकित किया।
आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
सांसद ने कहा कि आम लोगों की खरीदने की क्षमता ही अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने एक ऐसी व्यवस्था बनाने की जरूरत पर बल दिया, जहां साधारण परिवारों के युवा भी बिना संपत्ति या गारंटी के बैंक ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। पप्पू यादव ने कहा कि उनका प्रयास बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में भटकने से रोकना है और इन मेलों के जरिए उनके जीवन में स्थायी बदलाव लाना है, ताकि वे अपने परिवार का सहारा बन सकें।
इनपुट: IANS



