PM के दौरे को लेकर पूरे बिहार में हाई अलर्ट: पहलगाम आतंकी हमले के बाद कल मधुबनी दौरा, नेपाल बॉर्डर पर SSB की कड़ी निगरानी – Patna News h3>
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद कल यानी 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर पूरे बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
.
PM गुरुवार को मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायत दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे सुबह 10 बजे दरभंगा पहुंचेंगे। यहां से मधुबनी की लोहना उत्तर ग्राम पंचायत जाएंगे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे फिर दरभंगा एयरपोर्ट लौटेंगे यहीं से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल बोले- ‘PM का कल का कार्यक्रम होगा। स्वागत और अवॉर्ड कार्यक्रम को टाला गया है। पूरा प्रोग्राम सादगी से किया जाएगा। प्रधानमंत्री पंचायती राज दिवस पर संबोधित कर के लौट जाएंगे।’
JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा- ‘आतंकियों को जवाब देने के लिए सरकार सक्षम है। कल होने वाले प्रधानमंत्री की रैली के लिए 5 हैंगर बनाए गए हैं। लोग कई किलोमीटर दूर से चलकर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री की रैली बिहार की सबसे बड़ी रैली होने वाली है।’
ललन सिंह ने बताया कि- ‘प्रधानमंत्री सुबह साढ़े 11 कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। 10 बजे से लोगों का जुटना शुरू हो जाएगा।’ आतंकी हमले को लेकर उन्होंने कहा- ‘PM जो झलक दिखाएंगे वो हम सब देखने के लिए तैयार हैं। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है।’
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर बिहार के साथ-साथ इंडो-नेपाल बॉर्डर की चौकसी बढ़ा दी गई है। SSB के जवानों से खुद होम मिनिस्ट्री पल-पल की अपडेट ले रही है। इसके साथ ही बिहार के पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
पर्यटन स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई
DGP विनय कुमार ने बताया- ‘हमने सभी जिला पुलिस और बिहार पुलिस की कई अन्य शाखाओं को गश्त और तलाशी अभियान तेज करने के साथ हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।’
‘एहतियात के तौर पर राजगीर, बोधगया, पटना और कई अन्य स्थानों पर महत्वपूर्ण संस्थानों और पर्यटक आकर्षणों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।’
‘उन सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है जहां पर्यटकों की आवाजाही अधिक होती है, जैसे बोधगया में महाबोधि मंदिर परिसर, राजगीर में विश्व शांति स्तूप, पटना में महावीर मंदिर और तख्त श्री हरिमंदिर जी।’
इंडो-नेपाल बॉर्डर पर चेकिंग करते SSB के जवान
नेपाल बॉर्डर पर SSB की निगरानी बढ़ाई गई
DGP ने बताया- ‘सीमावर्ती जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सशस्त्र सीमा बल ( SSB) संयुक्त रूप से गश्त और तलाशी अभियान चला रहे हैं। नेपाल बॉर्डर पर भी अलर्ट जारी किया है।
नेपाल के रास्ते घुसपैठ की कोशिश ज्यादा होती है, इसलिए SSB के अधिकारी भी बिहार के सीमावर्ती जिलों में अपनी चौकियों पर कड़ी सतर्कता बरत रहे हैं।’
इंडो-नेपाल बॉर्डर के हर चेक पोस्ट पर पेट्रोलिंग पार्टी बढ़ा दी गई है। इंडो -नेपाल मैत्री पुल, पंटोका, सहदेवा, महदेवा, मुशहरवा और सिवान टोला बॉर्डर पर विशेष सख्ती बरती जा रही है।
इंडो-नेपाल बॉर्डर का अपडेट ले रही होम मिनिस्ट्री: SSB सूत्रों ने दैनिक NEWS4SOCIALको बताया- ‘होम मिनिस्ट्री के साथ SSB की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई थी। इसमें एहतियात और सख्ती बरतने संबंधी निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रालय की तरफ से इसका अपडेट भी लिया जा रहा है। इसके आधार पर ही ये फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना के बाद नेपाल से भारत आने वाले हर व्यक्ति और संदिग्ध सामान पर विशेष नजर रखी जा रही है।’
बॉर्डर पर टेक्नोलॉजी बेस्ड सर्विलांस एक्टिव: SSB से जुड़े अधिकारी ने हमें बताया- जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले के बाद SSB ने अपने इंटेलिजेंस को भी एक्टिव कर दिया है।
इसके साथ ही CCTV की मॉनिटिरिंग को भी सख्त कर दिया गया है। कुल मिलाकर मेन मेड और टेक्नोलॉजी बेस्ड सभी सर्विलांस को पूरे बॉर्डर पर बढ़ा दिया गया है।
पगडंडियों पर सेना और डॉग स्क्वायड की पेट्रोलिंग: इंडो-नेपाल बॉर्डर के ओपन होने के कारण पेट्रोलिंग एक बड़ी चुनौती है। घटना के बाद पूरे बॉर्डर की पगडंडियों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।
डॉग स्क्वॉड के केरो और कोको नामक खोजी कुत्ते विशेष जांच अभियान में शामिल हैं। इनकी निगरानी डॉग स्वान परिचालक राजू लाल और केपी विक्रम कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय से स्थिति पर नजर रख रही हैं।
मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायत दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे
PM नरेंद्र मोदी कल यानी 24 अप्रैल को मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायत दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस बार लोहना उत्तर ग्राम पंचायत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। PM कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हैं।
वे पंचायतीराज मंत्रालय ने विशेषज्ञों द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर विजेताओं को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार भी देंगे। पहला इनाम 1 करोड़, दूसरा 75 लाख, तीसरा 50 लाख रखा गया है।
आतंकवादी हमले में 27 लोगों की मौत हुई है
पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकवादी हमले में 27 लोगों की मौत हो गई। 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। हमला उस वक्त किया गया, जब बैसरन घाटी में बड़ी तादाद में पर्यटक मौजूद थे।
मृतकों में बिहार, UP, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक हैं। नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 2 स्थानीय भी मारे गए।
जम्मू-कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है। पुलवामा में CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था, इसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। पूरी खबर पढ़िए