मानसा: एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट की हत्या पर गरमाई पंजाब की सियासत, विपक्ष ने सरकार को घेरा
पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद भगवंत मान सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस ने एक सुर में…
पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद भगवंत मान सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस ने एक सुर में राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल की सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सरकार पर सीधा हमला बोला।
हरसिमरत कौर ने कहा कि सरकार के संरक्षण में नशा तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि जो भी उनके खिलाफ बोलता है, उसे गोली मार दी जाती है। उन्होंने कहा, "मैं इसके लिए सीधे तौर पर सरकार को जिम्मेदार ठहराती हूं।" उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, "यह उम्मीद करना ही गलती थी कि नशे के आदी मुख्यमंत्री नशे की समस्या को खत्म कर पाएंगे।"
विपक्ष के तीखे सवाल
विपक्षी दलों ने इस हत्याकांड को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने एक ड्रग इंस्पेक्टर की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या से जुड़े होने के बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। जाखड़ के अनुसार, डीजीपी ने खुद माना था कि इंस्पेक्टर के संबंध जेल में बंद ड्रग माफिया से थे, फिर भी सरकार ने उसे जमानत देकर मुख्यालय में महत्वपूर्ण पद दे दिया।
वहीं, हरसिमरत कौर बादल ने भी एक अपराधी को दोबारा हथियार लाइसेंस जारी किए जाने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा, "जिस पर मामले दर्ज हों, उसको दो असले का लाइसेंस कैसे मिला?" उन्होंने कहा कि परिवार को हर हाल में इंसाफ मिलना चाहिए।
बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता
विपक्षी नेताओं ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह चरमराया हुआ बताया है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा, "जिस तरह आज कानून व्यवस्था के हालात हैं, हम गैंगस्टर और फिरौती जैसे मामलों में पीड़ित परिवारों के पास जा रहे हैं।" उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार अपना कार्यकाल भी पूरा नहीं कर पाएगी।
सुनील जाखड़ ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लोगों को बेवकूफ बना रही है और अब उसके जाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि लोग खुद इस सरकार को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं।
इनपुट: IANS



