झारखंड: परीक्षा सुधार पर युवाओं से संवाद में सीएम हेमंत सोरेन, बोले- 8500 से ज़्यादा सुझाव मिले
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर 19 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संवाद किया है। समाचार एजेंसी IANS के…
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर 19 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संवाद किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की 'छात्रों की बात-छात्रों के साथ' पहल के तहत परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए अब तक 8,500 से अधिक सुझाव मिल चुके हैं।
मंगलवार शाम एक पोस्ट में सीएम सोरेन ने कहा कि सरकार एक ऐसी व्यवस्था बनाना चाहती है जो वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय हो। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले तीन दिनों में यह युवाओं के नाम उनका तीसरा संबोधन था।
कैस-कैसे सुझाव मिल रहे हैं?
मुख्यमंत्री के मुताबिक, युवाओं की ओर से कई महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव आ रहे हैं। इनमें ओएमआर शीट, परीक्षा कैलेंडर, स्कोरकार्ड, प्रश्नपत्र की गुणवत्ता, और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) व झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में संवैधानिक दायरे में सुधार के सुझाव भी दिए गए हैं।
सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल समस्याओं पर बात करना नहीं, बल्कि मौजूदा चुनौतियों का ठोस समाधान निकालना है।
सुधार में युवाओं की भागीदारी
हेमंत सोरेन ने युवाओं से अपने सुझाव देना जारी रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सुधार सिर्फ सरकार का प्रयास नहीं होगा, बल्कि इसमें राज्य के युवाओं की जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, "आपका एक सुझाव केवल आज की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि झारखंड के हजारों-लाखों युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान देगा।"
गौरतलब है कि JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। वे विवादित परीक्षाओं की जांच और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच टकराव के बाद यह मामला और भी गरमा गया है।
इनपुट: IANS



