पनामा में एक बार फिर भूकंप के तेज़ झटके, 6.1 की तीव्रता से कांपी धरती, लोगों में दहशत
मध्य अमेरिकी देश पनामा में हाल ही में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद मंगलवार तड़के एक बार फिर धरती कांप उठी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। इस घटना ने…
मध्य अमेरिकी देश पनामा में हाल ही में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद मंगलवार तड़के एक बार फिर धरती कांप उठी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। इस घटना ने पहले से ही भयभीत स्थानीय लोगों में दहशत और बढ़ा दी है।
भारतीय समयानुसार मंगलवार सुबह 4:50 बजे आए इन झटकों का केंद्र जमीन के 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है। भूकंप के कारण सड़कों और इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं। सुबह-सुबह झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित, खुले स्थानों की ओर भागे।
लगातार भूकंप से आपातकाल
यह भूकंप महज़ तीन दिन पहले शुक्रवार और शनिवार को आए 7.7 और 6.6 तीव्रता के दो ज़बरदस्त भूकंपों के बाद आया है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, शुक्रवार का 7.7 तीव्रता का भूकंप पनामा के दक्षिणी छोर के पास आया था, जिसके झटके 100 मील से ज़्यादा दूर राजधानी पनामा सिटी तक महसूस किए गए थे।
पिछली घटनाओं के बाद कई इमारतों में दरारें आ गई थीं और लोग डर के मारे रात भर घरों से बाहर रहने को मजबूर हो गए थे। इन विनाशकारी भूकंपों के बाद पनामा सरकार ने राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाने तथा प्रभावित लोगों की मदद के लिए देश में आपातकाल की घोषणा कर दी थी।
भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ
पनामा के संकटपूर्ण हालात को देखते हुए भारत ने मदद और एकजुटता की पेशकश की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भूकंप के बाद भारत पनामा की सरकार और लोगों के साथ खड़ा है।
इस संबंध में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भूकंप के बाद भारत पनामा की सरकार और जनता के साथ खड़ा है। हमारी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी घायल और प्रभावित लोगों के साथ हैं, विशेष रूप से उन परिवारों के साथ जिन्होंने नुकसान और कठिनाइयों का सामना किया है।"
इनपुट: IANS



