पनामा में एक के बाद एक दो शक्तिशाली भूकंप, इमारतें और सड़कें क्षतिग्रस्त
मध्य अमेरिकी देश पनामा में शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के भूकंप के दो शक्तिशाली झटकों ने दहशत फैला दी। रिक्टर स्केल पर 7.7 और 6.6 की तीव्रता वाले इन भूकंपों के कारण कई इमारतें ढह गईं और सड़कों को…
मध्य अमेरिकी देश पनामा में शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के भूकंप के दो शक्तिशाली झटकों ने दहशत फैला दी। रिक्टर स्केल पर 7.7 और 6.6 की तीव्रता वाले इन भूकंपों के कारण कई इमारतें ढह गईं और सड़कों को भारी नुकसान पहुँचा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का असर राजधानी पनामा सिटी तक महसूस किया गया, जो केंद्र से 100 मील से अधिक दूर है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, पहला और सबसे शक्तिशाली झटका 7.7 तीव्रता का था, जो शुक्रवार सुबह पनामा के दक्षिणी छोर के पास आया। इसके बाद दिन भर कई झटके महसूस किए गए, और फिर 6.6 तीव्रता का एक और बड़ा भूकंप आया। दोनों ही मुख्य भूकंपों का केंद्र जमीन से दस किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया।
लोगों में दहशत, सुनामी की चेतावनी वापस
लगातार आए शक्तिशाली झटकों से लोग डरकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए और रात भर खुले स्थानों पर ही रुके रहे। कई घरों की दीवारों में दरारें आ गईं। सीबीएस न्यूज के अनुसार, यूएस पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने शुरुआत में पनामा के तट पर सुनामी की लहरों की चेतावनी जारी की थी, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य बताते हुए इसे वापस ले लिया।
पनामा के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो ने इस आपदा पर कहा, "कोई भी तैयार नहीं था, और इस तरह की आपदा के लिए कोई कभी तैयार नहीं होता।" उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार शाम तक किसी के मारे जाने या घायल होने की कोई खबर नहीं थी, लेकिन आने वाले घंटों में स्थिति बदल सकती है।
तिब्बत में भी महसूस हुए झटके
इसी बीच, शनिवार सुबह तिब्बत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र भी जमीन से दस किलोमीटर की गहराई पर था।
इनपुट: IANS



