पाकिस्तान: मुल्तान में रहमान बाबा एक्सप्रेस के 14 डिब्बे पटरी से उतरे, 6 यात्रियों की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई और 40 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, कराची से पेशावर जा रही…
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई और 40 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस के सभी 14 डिब्बे मुल्तान के शेर शाह ब्रिज के पास पटरी से उतर गए।
यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई। घायलों को इलाज के लिए मुल्तान के निश्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव दल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य जारी है। जियो न्यूज के मुताबिक, 'रेस्क्यू 1122' के एक अधिकारी मुहम्मद अरशद ने अंग्रेजी दैनिक 'डॉन' को बताया कि इस दुर्घटना में 49 लोग घायल हुए हैं।
ट्रेन ड्राइवर ने क्या बताया?
ट्रेन के ड्राइवर ने 'डॉन' को बताया कि ट्रेन लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी और सिग्नल भी क्लियर था। उन्होंने कहा, “जब मैं शेर शाह स्टेशन के इलाके से गुजर रहा था, तो मुझे अचानक एक झटका महसूस हुआ। मैंने ब्रेक लगाए और ट्रेन को रोकने में कामयाब रहा। जब मैं इंजन से बाहर निकला और पीछे मुड़कर देखा, तो पाया कि यात्री कोच पटरी से उतर गए थे और पटरी से दूर पड़े थे। यह खौफनाक था।”
बढ़ती रेल दुर्घटनाएं और लापरवाही के आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा पाकिस्तानी रेलवे (पीआर) में कथित लापरवाही और रखरखाव की कमी को दर्शाता है। पिछले एक साल में ट्रेन के पटरी से उतरने की कई घटनाएं सामने आई हैं। 1 अक्टूबर को ही शालीमार एक्सप्रेस और पाकिस्तान एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थीं, हालांकि तब बड़ा हादसा टल गया था। इसी तरह अगस्त और जुलाई महीनों में भी रावल एक्सप्रेस, हजारा एक्सप्रेस और शालीमार एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें हादसों का शिकार हुईं। पहले की घटनाओं पर, पीआर के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर हफीजुल्ला ने माना था कि ये हादसे पिछले पांच सालों में सही देख-रेख न होने की वजह से हुए थे।
इनपुट: IANS



