बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
इकोनॉमी

बढ़ती कीमतों के बीच सरकार का कदम: अब ₹35 किलो मिलेगा प्याज, दिल्ली से बिक्री शुरू

प्याज की बढ़ती कीमतों से आम लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने अपने बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, उपभोक्ताओं को अब राष्ट्रीय सहकारी…

बढ़ती कीमतों के बीच सरकार का कदम: अब ₹35 किलो मिलेगा प्याज, दिल्ली से बिक्री शुरू
(फोटो: IANS)

प्याज की बढ़ती कीमतों से आम लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने अपने बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, उपभोक्ताओं को अब राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (NCCF), नेफेड (NAFED) और केंद्रीय भंडार के आउटलेट्स और मोबाइल वैन के जरिए ₹35 प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।

विज्ञापन

गुरुवार को नई दिल्ली के कृषि भवन से इस अभियान की शुरुआत करते हुए उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने स्पष्ट किया कि देश में प्याज के उत्पादन या उपलब्धता की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस साल प्याज का निर्यात भी पिछले वर्ष के स्तर के बराबर ही रहा है। उनका कहना था कि सरकार का यह कदम बाजार में कीमतों को स्थिर रखने और उपभोक्ताओं को फायदा पहुँचाने के लिए एक समय पर किया गया हस्तक्षेप है।

दिल्ली में 40 मोबाइल वैन तैनात

इस योजना को लागू करने वाली प्रमुख एजेंसियों ने भी अपनी तैयारियों की जानकारी दी। नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NAFED) के प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल ने IANS को बताया कि अकेले दिल्ली में 40 अलग-अलग जगहों पर मोबाइल वैन के जरिए प्याज की बिक्री शुरू हो गई है। इसके अलावा, नेफेड और NCCF के स्टोर्स, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और अन्य रिटेल चेन्स के माध्यम से भी यह सुविधा दी जाएगी।

अग्रवाल ने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार से बातचीत चल रही है ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) यानी राशन की दुकानों के जरिए भी ₹35 किलो प्याज बेचा जा सके। अगर यह योजना लागू होती है तो इससे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।

बिक्री नेटवर्क का होगा विस्तार

NCCF की प्रबंध निदेशक एनिस जोसेफ चंद्रा ने कहा कि अभियान शुरू होते ही उनके सभी बिक्री केंद्रों पर, खासकर मेट्रो स्टेशनों के पास स्थित दुकानों पर, रियायती प्याज की बिक्री शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क को और बढ़ाया जाएगा ताकि सस्ती प्याज ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिज़नेस डेस्क

News4Social बिज़नेस डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से कारोबार और अर्थव्यवस्था से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →