एक व्यक्ति, अधिकतम 9 सिम: सरकार ने मोबाइल कनेक्शन के लिए नए नियम लागू किए
अगर आप नया मोबाइल कनेक्शन लेने की सोच रहे हैं, तो अब आपको कुछ नए नियमों का पालन करना होगा। केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) ने सिम कार्ड जारी करने को लेकर नए दिशानिर्देश लागू कर दिए हैं, जिनका…
अगर आप नया मोबाइल कनेक्शन लेने की सोच रहे हैं, तो अब आपको कुछ नए नियमों का पालन करना होगा। केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) ने सिम कार्ड जारी करने को लेकर नए दिशानिर्देश लागू कर दिए हैं, जिनका मकसद कनेक्शनों की संख्या को सीमित करना है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन नियमों के तहत अब कोई भी एक व्यक्ति अपने नाम पर नौ से ज़्यादा मोबाइल कनेक्शन नहीं रख सकेगा।
यह नियम सोमवार से देशभर में प्रभावी हो गए हैं। हालांकि, कुछ विशेष क्षेत्रों के लिए यह सीमा और भी कम रखी गई है। जम्मू-कश्मीर, असम और उत्तर-पूर्व के राज्यों में रहने वाले नागरिकों के लिए अधिकतम मोबाइल कनेक्शन की सीमा छह तय की गई है।
टेलीकॉम कंपनियों के लिए निर्देश
दूरसंचार विभाग ने सभी टेलीकॉम कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। कंपनियों को ऐसे ग्राहकों की पहचान करने के लिए कहा गया है जिनके पास पहले से ही तय सीमा के बराबर या उसके करीब कनेक्शन मौजूद हैं। इसके अलावा, अब जब भी कोई ग्राहक नया सिम कार्ड लेने के लिए आवेदन करेगा, तो उसे 'कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म' (CAF) में यह बताना होगा कि उसके नाम पर पहले से कितने मोबाइल कनेक्शन चल रहे हैं, चाहे वे किसी भी ऑपरेटर के हों।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
इन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दूरसंचार विभाग ने एक 'डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म' (DIP) भी विकसित किया है। IANS के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म उन ग्राहकों का डेटा रखता है जिन्होंने अपनी अधिकतम सीमा तक कनेक्शन ले लिए हैं।
यह सिस्टम फोटो का इस्तेमाल करके ग्राहकों की पहचान करेगा। विभाग उन ग्राहकों की तस्वीरें डीआईपी पर भेजेगा जो अधिकतम कनेक्शन की सीमा तक पहुंच चुके हैं। टेलीकॉम कंपनियां इस प्लेटफॉर्म से इन तस्वीरों को डाउनलोड कर सकेंगी ताकि वे नए कनेक्शन जारी करने से पहले ग्राहक की जांच कर सकें। यदि कोई व्यक्ति सीमा से अधिक कनेक्शन लेने में कामयाब हो भी जाता है, तो उस कनेक्शन को तुरंत सस्पेंड कर दिया जाएगा और मामला सुलझने तक वह बंद रहेगा।
इनपुट: IANS



