दिल्ली: अफेयर के शक में हुआ झगड़ा, पत्नी ने दुपट्टे से घोंटा पति का गला
पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में मंगलवार तड़के एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पत्नी को शक था कि उसका पति किसी और के साथ संबंध में है, जिसके बाद हुए झगड़े में उसने
पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में मंगलवार तड़के एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पत्नी को शक था कि उसका पति किसी और के साथ संबंध में है, जिसके बाद हुए झगड़े में उसने दुपट्टे से पति का गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 19 वर्षीय मुस्तकीम उर्फ साहिल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी का नाम 20 वर्षीय अलीशा है। घटना जगतपुरी के राशिद मार्केट इलाके की है। मंगलवार, 2 जुलाई की सुबह करीब 3:52 बजे पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि एक महिला ने अपने पति का गला घोंट दिया है।
मोबाइल चेक करने पर शुरू हुआ विवाद
आरोपी पत्नी अलीशा ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि उसके पति को शक था कि उसका किसी और के साथ अफेयर चल रहा है। इसी शक में मुस्तकीम ने रात में उसका मोबाइल फोन चेक किया, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। अलीशा का आरोप है कि बहस के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गुस्सा आ गया और उसने अपने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मुस्तकीम बेहोशी की हालत में मिला था। उसे तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां की शिकायत के आधार पर जगतपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
गुरुद्वारे में छिपकर बचने की कोशिश
घटना के बाद जब मृतक की मां कमरे में पहुंची, तो अलीशा मौके से फरार हो गई। शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पास के एक गुरुद्वारे में छिप गई थी, जहां से पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुआ दुपट्टा भी बरामद कर लिया है। डीसीपी के अनुसार, टीम की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक जांच के कारण यह मामला कुछ ही घंटों में सुलझ गया। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



