तिलक नगर गुरुद्वारा: बेअदबी मामले में AAP ने की निष्पक्ष जांच की मांग, मैनेजमेंट कमेटी पर भी उठाए सवाल
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस घटना को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने…
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस घटना को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'आप' के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मामले में गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
यह घटना 15 नवंबर को तिलक नगर के शाहपुरा स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में हुई थी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि घटना के बाद गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने इसे दबाने और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने की कोशिश की।
मैनेजमेंट कमेटी पर संगीन आरोप
सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, बेअदबी जैसे गंभीर आपराधिक कृत्य के बाद सबूतों से छेड़छाड़ करना या पुलिस को सूचना न देना भी एक गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा, "इस मामले को लेकर संगत की ओर से गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। संगत का आरोप है कि कमेटी ने घटना की जानकारी सामने आने के बाद मामले को दबाने की कोशिश की।"
जब दो दिन बाद, 17 नवंबर को, संगत को इस घटना का पता चला तो सिख समुदाय के लोगों ने तिलक नगर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और संबंधित गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
सरकार से हस्तक्षेप की मांग
इस मुद्दे पर AAP ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पार्टी के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात के लिए समय मांगा है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर ऐसी घटनाएं समाज में तनाव पैदा करती हैं, इसलिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी का मामला बेहद संवेदनशील है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"
दिल्ली में सख्त कानून बनाने की अपील
सौरभ भारद्वाज ने पंजाब की भगवंत मान सरकार का उदाहरण देते हुए दिल्ली में भी बेअदबी रोकने के लिए एक सख्त कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में ऐसा कानून लाया जाना चाहिए, जिससे धार्मिक ग्रंथों और स्थलों की गरिमा के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। 'आप' प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए पारदर्शी जांच कराने और सीसीटीवी फुटेज जैसे सबूतों को सुरक्षित रखकर सच्चाई सामने लाने की अपील की है।
इनपुट: IANS



