NEET-UG पेपर लीक: फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने 14 आरोपियों पर तय किए आरोप, 25 नवंबर से शुरू होगा रोजाना ट्रायल
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित एक विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने बुधवार को सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया है। अदालत 25…
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित एक विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने बुधवार को सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया है। अदालत 25 नवंबर से इस मामले में दिन-प्रतिदिन (डे-टू-डे) सुनवाई शुरू करेगी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा लगाई गई धाराओं के साथ-साथ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत भी आरोप तय किए हैं। इस संबंध में औपचारिक चार्ज फ्रेम करने के लिए सभी आरोपियों को 21 नवंबर को अदालत में पेश होने का आदेश दिया गया है।
सीबीआई की चार्जशीट और लीक का तरीका
सीबीआई ने इस मामले में 20,000 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी, जिसका संज्ञान अदालत ने 12 अगस्त को लिया था। जांच एजेंसी ने अपनी चार्जशीट में बताया है कि लीक की यह घटना दिल्ली स्थित एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी) कार्यालय में हुई, जहां तीन विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग तरीकों से प्रश्नों को बाहर निकाला।
चार्जशीट के मुताबिक, एनटीए के गोपनीय अनुभाग में प्रवेश और निकास के दौरान विशेषज्ञों की तलाशी लेने की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसी सुरक्षा चूक का फायदा उठाकर आरोपी प्रश्नपत्र बाहर ले जाने में सफल रहे। इसके अलावा, वहां विशेषज्ञों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कोई समर्पित सीसीटीवी लाइव-फीड निगरानी कक्ष भी नहीं था।
कैसे बाहर आए थे प्रश्न?
जांच में सामने आया कि एक आरोपी ने प्रश्नों को कागज की पर्चियों पर लिखकर छिपा लिया, जबकि दो अन्य विशेषज्ञों ने प्रश्नों को याद कर लिया। बाद में उन्होंने होटल के कमरे में जाकर उन्हें लिखा या पाठ्यपुस्तकों में संबंधित हिस्सों को चिह्नित किया। सीबीआई ने यह भी बताया कि एक आरोपी पी.वी. कुलकर्णी ने रफ वर्क के लिए दी गई कागज की शीटों का इस्तेमाल कर रसायन विज्ञान के सभी 135 प्रश्न और उनके उत्तर नोट कर लिए थे।
इस मामले में यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे और मनीषा संजय हवालदार समेत 14 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
इनपुट: IANS



