PM मोदी ने 'नशा मुक्त युवा' अभियान को बताया सकारात्मक बदलाव की पहल, 100 सप्ताह तक चलेगा देशव्यापी कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान' को युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एक प्रेरक पहल बताया है। इस अभियान की शुरुआत से ठीक पहले…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान' को युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एक प्रेरक पहल बताया है। इस अभियान की शुरुआत से ठीक पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए यह संदेश दिया।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह अभियान 100 सप्ताह तक चलने वाला एक देशव्यापी 'जन भागीदारी' कार्यक्रम होगा। इसका मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ एक सामूहिक आंदोलन खड़ा करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को लेकर हर रविवार को जागरूकता फैलाने और समाज को एकजुट करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
व्यापक भागीदारी और साप्ताहिक गतिविधियां
इस पहल में 10,000 से अधिक जगहों से युवा शामिल होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अभियान में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए 'माय भारत' और एनएसएस के स्वयंसेवकों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, यूथ क्लब, गैर-सरकारी संगठन (NGO) और आध्यात्मिक संगठनों को भी एक साझा मंच पर लाया जाएगा।
हर रविवार को आयोजित होने वाली साप्ताहिक गतिविधियों की एक विस्तृत श्रृंखला तय की गई है। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और अन्य सामुदायिक कार्यक्रम शामिल होंगे।
युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में बढ़ाने का लक्ष्य
इस कार्यक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनके बच्चे सुरक्षित रहें और अपने सपनों को पूरा करें। उन्होंने कहा, "उनके हाथों में नशा नहीं, हुनर हो। उनकी आंखों में भटकाव नहीं, बड़े सपने हों। इन्हीं सपनों को संबल देने और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी अभियान का शुभारंभ करेंगे।"
रेखा गुप्ता ने लोगों से इस जनआंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा, "आइए, हर युवा का हाथ थामें, उसके सपनों पर विश्वास करें और नशा मुक्त भारत के इस जनआंदोलन से जुड़ें।"
इनपुट: IANS



