पीएम मोदी ने लॉन्च किया 100 सप्ताह का 'नशा मुक्त युवा' अभियान, परिवारों पर नशे के असर को लेकर हुए भावुक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत की, जो देश भर में 100 सप्ताह तक चलेगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मौके पर प्रधानमंत्री ने युवाओं से…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' की शुरुआत की, जो देश भर में 100 सप्ताह तक चलेगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मौके पर प्रधानमंत्री ने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और नशे से दूर रहें।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी बेहद भावुक हो गए जब उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि कैसे किसी युवा की नशे की लत उसके पूरे परिवार को तोड़ देती है। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने प्रधानमंत्री के इस भावनात्मक संबोधन का एक वीडियो क्लिप अपने एक्स (X) अकाउंट पर साझा किया।
परिवार और राष्ट्र पर असर
जारी किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी कह रहे हैं, "नशा केवल शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता। नशा एक मां की मुस्कान छीन लेता है। नशा एक पिता के सपनों को चूर-चूर कर देता है।" उन्होंने आगे कहा, "एक बहन की राखी की उम्मीद को कमजोर कर देता है। एक छोटे भाई का आदर्श छीन लेता है। घर के बुजुर्ग हर दिन इस दर्द को जीते हैं, जिनका अपना बच्चा धीरे-धीरे कहीं खो रहा है, खुद को गला रहा है।" पीएम ने जोर देकर कहा कि जब ऐसा होता है तो "राष्ट्र की शक्ति भी कमजोर पड़ जाती है।"
'विकसित भारत' के लिए स्वस्थ युवा ज़रूरी
प्रधानमंत्री ने इस अभियान को व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "देश ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए यह आवश्यक है कि देश का युवा तन-मन से स्वस्थ हो, आत्मविश्वास से भरपूर हो और ड्रग्स जैसी घातक आदत से हमेशा-हमेशा दूर ही रहे।" उन्होंने कहा कि यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है और सभी को यह संकल्प लेना होगा कि युवा नशे के खतरों को समझें और उससे जागरूक रहकर दूर रहें।
इनपुट: IANS



