नागपुर: म्हाडा कंस्ट्रक्शन साइट पर क्रेन हादसा, 100 फीट की ऊंचाई से गिरने से 2 मजदूरों की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार सुबह एक निर्माणाधीन स्थल पर हुए दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना गणेशपेठ इलाके…
महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार सुबह एक निर्माणाधीन स्थल पर हुए दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना गणेशपेठ इलाके में स्थित महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) परिसर में हुई, जहां एक टेक्सटाइल पार्क और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण चल रहा था।
हादसा सुबह करीब 10.30 बजे उस वक्त हुआ जब एक क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर लगभग 100 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरा। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जोन 2, राहुल मदने ने बताया कि क्रेन असंतुलित होकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से क्रेन ऑपरेटर और एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। क्रेन का यह टूटा हुआ हिस्सा पास में काम कर रही दूसरी क्रेन से भी टकराया। गनीमत रही कि यह मलबा केवल 30 फीट की दूरी से मुख्य सड़क पर गिरने से बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जांच शुरू, मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान भंडारा निवासी विश्वनाथ कटारे और उत्तर प्रदेश के रहने वाले मुकेश निषाद के रूप में की है। डीसीपी मदने ने बताया, "घटना के समय दोनों मृतक स्ट्रक्चर के ऊपर मौजूद थे।" हादसे में घायल हुए दोनों मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस निर्माण कार्य का ठेका 'बी.जी. शिर्के कंस्ट्रक्शन कंपनी' के पास है। डीसीपी ने कहा, "फिलहाल कंपनी के सुपरवाइजर स्टाफ से जानकारी जुटा रहे हैं और उचित कार्रवाई शुरू कर रहे हैं। हमने आकस्मिक मौत (एक्सीडेंटल डेथ) का मामला दर्ज कर लिया है।" उन्होंने यह भी बताया कि क्रेन गिरने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित मैकेनिकल विभाग के अधिकारियों से सलाह ली जाएगी।
इनपुट: IANS



