दिल्ली: 50-50 हज़ार के इनामी बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दोनों घायल
दिल्ली के बाहरी जिले में पुलिस और दो वांछित अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ गोलीबारी में खत्म हुई, जिसके बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ये…
दिल्ली के बाहरी जिले में पुलिस और दो वांछित अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ गोलीबारी में खत्म हुई, जिसके बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ये दोनों अपराधी कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं और दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
यह कार्रवाई रविवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बाहरी जिला स्पेशल स्टाफ को खबर मिली थी कि नंदू गैंग के सदस्य प्रवीण उर्फ पिंकी और रोहित उर्फ चीरा अवैध हथियारों के साथ टिकरी कलां के पीवीसी रोड पर किसी से मिलने आने वाले हैं।
पुलिस ने जाल बिछाया, बदमाशों ने की फायरिंग
सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर इलाके में जाल बिछा दिया। जब दोनों संदिग्ध मौके पर पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा। लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
इस गोलीबारी के दौरान दो गोलियां कांस्टेबल अनुज और कांस्टेबल हरकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, लेकिन वे दोनों सुरक्षित बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी प्रवीण और रोहित घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
हरियाणा के मामले में थे वॉन्टेड
गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार खाली कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में पता चला कि दोनों हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में वांछित थे। इनमें से एक आरोपी रोहित, दिल्ली के नरेला थाने में दर्ज एक केस में पैरोल जंपर भी था।
फिलहाल, घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके खिलाफ मुंडका पुलिस स्टेशन में एक नई एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



