मुंबई: कारोबारी को पाकिस्तानी नंबर से धमकी, क्राइम ब्रांच ने सतारा से कश्मीरी मूल के गार्ड को पकड़ा
मुंबई के एक कारोबारी को पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकी के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 45 वर्षीय मोहम्मद शरीफ़ को…
मुंबई के एक कारोबारी को पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकी के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 45 वर्षीय मोहम्मद शरीफ़ को महाराष्ट्र के सतारा से हिरासत में लिया गया। शरीफ़ मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुंछ का रहने वाला है और उस पर धमकी के तार पाकिस्तान से जुड़े होने का संदेह है।
यह मामला बांद्रा के गरीब नगर में हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद सामने आया था, जब कारोबारी इम्तियाज खत्री को एक पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबर से कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई थी। मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) को पता चला कि मोहम्मद शरीफ़ पाकिस्तान में किसी व्यक्ति के संपर्क में था।
जांच में मिले पाकिस्तान कनेक्शन के सबूत
पुलिस के मुताबिक, शरीफ़ के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान में मौजूद एक व्यक्ति के साथ उसकी बातचीत के सबूत मिले हैं। इसी आधार पर पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पिता पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में रहते हैं, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
कौन है आरोपी मोहम्मद शरीफ़?
पूछताछ में सामने आया कि शरीफ़ साल 2008 से मुंबई में रह रहा था और अंधेरी, जोगेश्वरी व बांद्रा जैसे इलाकों में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था। हाल ही में वह सतारा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस ने उसकी पत्नी शबनम और भतीजे से भी पूछताछ की है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 13 सितंबर तक क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खत्री को मिली धमकी से शरीफ़ का सीधा संबंध क्या है और इस पूरे मामले में पाकिस्तान कनेक्शन की असलियत क्या है।
इनपुट: IANS



