मुंबई: 16 साल की छात्रा से छेड़छाड़, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पर POCSO एक्ट में केस दर्ज
मुंबई में जिम्नास्टिक सिखाने वाले एक 45 वर्षीय द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच के खिलाफ नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
मुंबई में जिम्नास्टिक सिखाने वाले एक 45 वर्षीय द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच के खिलाफ नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, कोच पर अपनी 16 वर्षीय छात्रा का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश का आरोप है, जिसके बाद विले पार्ले पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह की है। पीड़िता घर पर पढ़ाई कर रही थी जब उसे कोच का व्हाट्सऐप पर मैसेज मिला। छात्रा ने जवाब दिया और इस बातचीत के बारे में अपनी मां को भी बताया। मां के कहने पर जब छात्रा ने कोच से मैसेज करने का कारण पूछा, तो कोच ने उसे जिमनेजियम में मिलने के लिए बुलाया।
जिमनेजियम में अकेले बुलाकर की छेड़छाड़
पीड़िता ने बताया कि वह कई वर्षों से कोच से ट्रेनिंग ले रही थी, इसलिए उसे लगा कि शायद किसी काम से बुलाया गया है। जब वह जिमनेजियम पहुंची, तो कोच वहां अकेले थे। आरोप है कि कोच ने छात्रा से दरवाजा अंदर से बंद करने को कहा और फिर उसके साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण करने का प्रयास किया।
घटना के बाद जब छात्रा वहां से जाने लगी, तो कोच ने उसे धमकी दी कि 'जो कुछ भी हुआ वह हमारे बीच ही रहना चाहिए'। हालांकि, पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपने पीटी टीचर की मदद से मुंबई के विले पार्ले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी कोच विले पार्ले इलाके का ही रहने वाला है।
इनपुट: IANS



